पंचायतीराज चुनाव को लेकर आज कांग्रेस पार्टी की गोगुंदा में हुई बैठक में कांग्रेस नेताओं ने भाजपा को निशाने पर लिया। साथ ही कहा कि पार्टी जिसको भी टिकट देगी सब उसके साथ होंगे। गोगुंदा विधानसभा में जसवंतगढ़ में घाटा माता के स्थान पर रविवार को गोगुंदा ब्लॉक कांग्रेस कमेटी द्वारा आयोजित कार्यकर्ताओं की बैठक को संबोधित करते हुए राजस्थान प्रदेश कांग्रेस कमेटी के महासचिव और देहात के पूर्व जिलाध्यक्ष लालसिंह झाला ने कहा कि भारतीय जनता पार्टी की डबल ईंजन की सरकार ने महंगाई बढाने के सभी रिकॉर्ड तोड़ दिया और आम आदमी की जीना मुश्किल हो गया है। उन्होंने कहा कि एक सांसद और विधायक को विकास के लिए करोड़ों रुपए मिलते है। आपके गांव में कितने लगे बताओ, अब चुनाव का समय आया तो ये टूटी सड़कों पर गिट्टी डाल रहे, काम शुरू कर रहे है इतने समय तो इनको याद नहीं आया। झाला ने कहा कि जल जीवन मिशन में गांव गांव कांग्रेस ने पानी पहुंचाया और आज पाइप लाइनें टूट गई, टंकियां खाली है इसका जवाब जनता को देना होगा। कार्यक्रम में पूर्व मंत्री डा. मांगीलाल गरासिया ने कहा कि गोगुंदा विधानसभा की बडगांव, गोगुंदा, सायरा एवं देवला पंचायत समितियों के चुनाव को लेकर पार्टी जिसको भी टिकट दे सभी एकजुट होकर उनको पूरी ताकत से जिताने में लग जाए।
गोगुंदा विधानसभा के प्रभारी एवं राजस्थान बार कौंसिल के सदस्य रतनसिंह राव ने कहा कि देश में राहुल गांधी के नेतृत्व युवा वर्ग का कांग्रेस की ओर झुकाव बढ़ा हैं। हम सभी को पंचायती राज चुनाव में एकजुट होकर काम करेंगे। कार्यक्रम को युवक कांग्रेस के राष्ट्रीय समन्वयक अरूण मिश्रा, अभिमन्यु सिंह झाला, देहात जिला उपाध्यक्ष नारायण पालीवाल, प्रदेश महासचिव अशरफ शेख, विधि प्रकोष्ठ के प्रदेश महासचिव युवराज सिंह बाघेला, जिला कांग्रेस कमेटी की ओर से नियुक्त प्रभारी गोपाल चपरेटा, ब्लॉक अध्यक्ष रामसिंह चदाणा, गुलाब सिंह राव, जिला परिषद सदस्य नरपत सिंह चंपावत ने भी संबोधित किया। ब्लॉक अध्यक्ष रामसिंह चदाणा ने बताया कि भारतीय जनता युवा मोर्चा के देवेंद्र पालीवाल के नेतृत्व में 200 से अधिक युवाओं ने कांग्रेस पार्टी का दामन थामा। इन सभी का पगड़ी, माला एवं कांग्रेस का दुपट्टा पहनाकर स्वागत किया।

