दिव्यांगों की शिक्षा के लिए उदयपुर में जुटेंगे क्रिकेटर:9 से 11 अक्टूबर तक होगा ऑल स्टार्स क्रिकेट इनविटेशनल

दिव्यांगों की शिक्षा के लिए उदयपुर में जुटेंगे क्रिकेटर:9 से 11 अक्टूबर तक होगा ऑल स्टार्स क्रिकेट इनविटेशनल

विशेष रूप से सक्षम लोगों की शिक्षा और सहायता के लिए धन जुटाने के उद्देश्य से उदयपुर में ऑल स्टार्स क्रिकेट इनविटेशनल का आयोजन 9 से 11 अक्टूबर 2026 तक किया जाएगा। इस आयोजन का नेतृत्व उदय बावा और जाह्नवी मेवाड़ कर रहे हैं। प्रतियोगिता से होने वाली फंड रेजिंग विकलांग शिक्षक सेवा संस्थान, जोधपुर के सहयोग के लिए समर्पित होगी। तीन दिवसीय क्रिकेट आयोजन में देश के प्रतिष्ठित पब्लिक स्कूलों से जुड़े पूर्व क्रिकेटर और क्रिकेट प्रेमी हिस्सा लेंगे। ऑल स्टार्स टीम में दून स्कूल, मेयो कॉलेज, सनावर, डेली कॉलेज सहित अन्य प्रतिष्ठित संस्थानों के पूर्व क्रिकेटर शामिल होंगे। टूर्नामेंट में ऑल स्टार्स, मेयो कॉलेज एलुमनाई, एक्सेलरेरा क्रिकेट क्लब और उदयपुर के फील्ड क्लब की टीमें भाग लेंगी। फील्ड क्लब में होंगे क्रिकेट मुकाबले प्रतियोगिता के सभी क्रिकेट मुकाबले उदयपुर के फील्ड क्लब में 9 से 11 अक्टूबर के बीच खेले जाएंगे। आयोजन में भारत के विभिन्न शहरों के साथ-साथ जापान, न्यूयॉर्क और इंग्लैंड से भी अतिथि शामिल होंगे। करीब 200 लोगों के इस अंतरराष्ट्रीय समूह के आयोजन में शामिल होने की संभावना है, जिसका उद्देश्य खेल के माध्यम से सामाजिक सरोकार से जुड़े इस अभियान के लिए अधिक से अधिक सहयोग जुटाना है। चूंडा पैलेस में 10 अक्टूबर को चैरिटी गाला आयोजन का प्रमुख आकर्षण 10 अक्टूबर की शाम चूंडा पैलेस में आयोजित होने वाला चैरिटी गाला होगा। इसमें देश-विदेश से आए अतिथि, क्रिकेटर और सामाजिक क्षेत्र से जुड़े लोग शामिल होंगे। गाला के माध्यम से विकलांग शिक्षक सेवा संस्थान, जोधपुर के लिए फंड जुटाने का प्रयास किया जाएगा। चैरिटी पैनल में खेल और सामाजिक क्षेत्र की हस्तियां चैरिटी कार्यक्रम के पैनल में जाह्नवी मेवाड़, ओलंपियन शगुन चौधरी, वीरम कृष्णावत और जापान की साओरी योगिनी शामिल होंगी। पैनल के माध्यम से विशेष रूप से सक्षम लोगों के लिए शिक्षा, अवसर और समाज की मुख्यधारा में उनकी भागीदारी जैसे विषयों पर चर्चा की जाएगी। ब्रिटेन में भी क्रिकेट खेल चुके हैं उदय बावा आयोजन के प्रमुख उदय बावा भारत में क्रिकेट खेलने के साथ-साथ ब्रिटेन में भी क्रिकेट का अनुभव रखते हैं। उन्होंने 1995-96 में कैम्ब्रिजशायर माइनर काउंटीज के लिए प्रथम श्रेणी स्तर के क्लब क्रिकेट में हिस्सा लिया था। उनके इसी क्रिकेट अनुभव और नेटवर्क के माध्यम से देश-विदेश के पूर्व क्रिकेटरों को इस आयोजन से जोड़ने का प्रयास किया जा रहा है। फंड रेजिंग के क्षेत्र में सक्रिय हैं जाह्नवी मेवाड़ आयोजन की प्रमुख जाह्नवी मेवाड़ कई गैर-लाभकारी संस्थाओं से जुड़ी हैं। उनकी पहल पावर ऑफ पॉलिसी देशभर में जरूरतमंद फाउंडेशनों के लिए फंड रेजिंग और सहयोग जुटाने की दिशा में काम कर रही है। ऑल स्टार्स क्रिकेट इनविटेशनल को भी इसी उद्देश्य से जोड़ते हुए खेल और सामाजिक सेवा को एक मंच पर लाने का प्रयास किया गया है। लंदन ओलंपिक में भारत का प्रतिनिधित्व कर चुकी हैं शगुन चौधरी चैरिटी पैनल की सदस्य ओलंपियन शगुन चौधरी ने 2012 लंदन ओलंपिक में भारत का प्रतिनिधित्व किया था। वह ट्रैप शूटिंग में अंतरराष्ट्रीय स्तर पर भारत की प्रमुख महिला निशानेबाजों में शामिल रही हैं। उनके जुड़ने से आयोजन में खेल जगत की अंतरराष्ट्रीय पहचान भी जुड़ती है। आयोजकों का उद्देश्य है कि क्रिकेट, खेल भावना और सामाजिक जिम्मेदारी को एक साथ जोड़कर विशेष रूप से सक्षम लोगों की शिक्षा और भविष्य के लिए अधिक से अधिक सहयोग जुटाया जा सके।

​ 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *