Jammu Kashmir के दलों को लद्दाख से सीख लेकर एकजुट होना चाहिए: Mehbooba Mufti

Jammu Kashmir के दलों को लद्दाख से सीख लेकर एकजुट होना चाहिए: Mehbooba Mufti

श्रीनगर, चार अक्टूबर पीपुल्स डेमोक्रेटिक पार्टी (पीडीपी) की अध्यक्ष महबूबा मुफ्ती ने रविवार को जम्मू-कश्मीर के राजनीतिक दलों से अपनी मांगों को आगे बढ़ाने में लद्दाख की एकजुटता से सीख लेने की अपील की। उन्होंने सभी दलों से एकजुट होकर क्षेत्र के राजनीतिक, सामाजिक और आर्थिक मुद्दों को केंद्र के समक्ष संयुक्त रूप से उठाने का आह्वान किया। महबूबा ने कहा, ‘‘हमें लद्दाख से सबक लेना चाहिए कि वे किस तरह अपनी मांगों को आगे बढ़ाने के लिए एकजुट हुए।’’
उन्होंने कहा कि जम्मू-कश्मीर अकेले काम करने वाले अलग-अलग राजनीतिक दलों के जरिए अपनी चुनौतियों का समाधान नहीं कर सकता।

पीडीपी नेता ने कहा कि सभी राजनीतिक दलों को एक साथ आकर एक साझा मंच बनाना चाहिए और केंद्र के समक्ष केंद्र शासित प्रदेश से जुड़े मुद्दों को उठाना चाहिए। श्रीनगर में एक समाचार पोर्टल द्वारा आयोजित सम्मेलन के दौरान महबूबा ने कहा, ‘‘जब तक सभी राजनीतिक दल एकजुट होकर दिल्ली के साथ बातचीत नहीं करते, तब तक हम उनसे यह नहीं कह पाएंगे कि हमारे संस्थानों पर प्रतिबंध लगाना, छापेमारी करना और हमारे युवाओं को गिरफ्तार तथा हिरासत में लेना बंद करें।’’
जम्मू-कश्मीर की पूर्व मुख्यमंत्री ने कहा कि क्षेत्र की सबसे बड़ी चुनौती उसकी युवा आबादी से जुड़ी है। महबूबा मुफ्ती ने कहा कि नेताओं को केवल युवाओं के सवालों का जवाब देने के बजाय उनकी चिंताओं और मुश्किलों को समझने की जरूरत है।

महबूबा मुफ्ती ने कहा कि उन्होंने पहले ही सभी राजनीतिक दलों के प्रमुखों को पत्र लिखा है और नेशनल कॉन्फ्रेंस को छोड़कर सभी ने सकारात्मक प्रतिक्रिया दी है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *