चेन्नई Airport पर बैंकॉक से आए यात्री से 5.26 करोड़ रुपये का Ganja जब्त

चेन्नई Airport पर बैंकॉक से आए यात्री से 5.26 करोड़ रुपये का Ganja जब्त

चेन्नई, चार अक्टूबर चेन्नई अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे पर एक यात्री के पास से 5.26 करोड़ रुपये मूल्य का गांजा जब्त किया गया है। सीमा शुल्क विभाग ने रविवार को यह जानकारी दी। चेन्नई अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे के सीमा शुल्क विभाग के संयुक्त आयुक्त के. एम. गुरु राजेश ने एक विज्ञप्ति में बताया कि यात्रियों से जुड़ी जानकारी के आधार पर हवाई खुफिया इकाई (एआईयू) और चेन्नई सीमा शुल्क विभाग के अधिकारियों ने दो अक्टूबर को बैंकॉक से आए एक पुरुष यात्री को रोका।

उन्होंने बताया कि यात्री अपने सामान की जानकारी सीमा शुल्क अधिकारियों को दिए बिना ‘ग्रीन चैनल’ से बाहर निकलने की कोशिश कर रहा था। उसके सामान की जांच के दौरान 26 पारदर्शी पैकेट मिले जिसमें पौधे के सूखे हरे-भूरे फूल और ऊपरी हिस्से थे, जिनके हाइड्रोपोनिक तरीके से उगाए गए उच्च गुणवत्ता वाले गांजे के होने का संदेह हुआ। ये पैकेट चालाकी से खाद्य पदार्थों के पैकेटों के भीतर छिपाए गए थे।

बरामद मादक पदार्थ का कुल वजन 15.02 किलोग्राम था और ‘नारकोटिक ड्रग डिटेक्टिव किट’ (एनडीडीके) से जांच करने पर इसमें गांजा होने की पुष्टि हुई। स्वापक औषधि और मन प्रभावी पदार्थ (एनडीपीएस)अधिनियम के प्रावधानों के तहत मादक पदार्थ को जब्त कर लिया गया जिसका अवैध बाजार में अनुमानित मूल्य करीब 5.26 करोड़ रुपये है। यात्री को एनडीपीएस अधिनियम के संबंधित प्रावधानों के तहत गिरफ्तार कर न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया है और मामले की जांच जारी है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *