शाजापुर जिले के मक्सी में शनिवार को ‘मुख्यमंत्री जन विश्वास अभियान’ शिविर में पहुंचीं कलेक्टर ऋजु बाफना ने वार्ड 14 और 15 स्थित शासकीय संस्थानों का निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान स्कूल, आंगनबाड़ी और प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र में बदहाली मिलने पर कलेक्टर ने एक शिक्षक को निलंबित कर दिया, जबकि आंगनबाड़ी कर्मियों का 5 दिन का वेतन काटने के आदेश दिए। कलेक्टर ने वार्ड 14 स्थित प्राथमिक विद्यालय में बच्चों की पढ़ाई का स्तर और अन्य व्यवस्थाएं संतोषजनक न पाए जाने पर संबंधित शिक्षक को निलंबित करने की कार्रवाई की। इसके अलावा, आंगनबाड़ी केंद्र में पंखे और पीने के पानी जैसी मूलभूत सुविधाओं का अभाव मिला। वहीं, वार्ड 15 की आंगनवाड़ी में व्यवस्थाएं दुरुस्त न मिलने पर पदस्थ 3 कर्मचारियों का 5 दिन का वेतन काटने का आदेश जारी किया गया। स्वास्थ्य केंद्र का जायजा और तुरंत सुधार के निर्देश कलेक्टर ने मक्सी के प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र का भी निरीक्षण कर वहां उपलब्ध स्वास्थ्य सेवाओं, दवाओं और भवन की स्थिति का जायजा लिया। निरीक्षण में सामने आईं कमियों पर नाराजगी जताते हुए कलेक्टर ने संबंधित अधिकारियों को व्यवस्थाओं में तत्काल सुधार करने और सभी संस्थानों में बेहतर सुविधाएं सुनिश्चित करने के कड़े निर्देश दिए।

