जौनपुर के मुंगराबादशाहपुर सुजानगंज रोड बाईपास पर शुक्रवार दोपहर 3 बजे मवेशियों से लदी एक ट्राली का टायर फट गया। इसमें ठूंस-ठूंसकर 14 मवेशी भरे थे, जिनमें से चार की दम घुटने से मौत हो गई। जानकारी मिलते ही बजरंग दल और हिंदू संगठनों के कार्यकर्ताओं ने वाहन को घेर लिया और सड़क पर चक्का जाम कर दिया। मवेशियों को बड़ागांव से उकनी गौशाला ले जाया जा रहा था। करीब एक घंटे चले चक्का जाम से सड़क पर वाहनों की लंबी कतारें लग गईं। सूचना पर थाना प्रभारी गजानंद चौबे पुलिस के साथ मौके पर पहुंचे। थाना प्रभारी गजानंद चौबे के समझाने पर जाम समाप्त हुआ और चालक सचिन को पुलिस के हवाले किया गया। थाना प्रभारी ने बताया कि मवेशी लदी ट्रक पकड़ी गई है, जिसमें चार मवेशी मृत मिले हैं। मामले की जांच जारी है।

