गाजीपुर के सकलेनाबाद स्थित जिला कांग्रेस कार्यालय में शुक्रवार दोपहर 3 बजे युवा कांग्रेस की कार्यकारिणी बैठक हुई। इसमें उत्तर प्रदेश युवा कांग्रेस के सह प्रभारी नरसिम्हा यादव पहुंचे। जिला कांग्रेस के नेताओं और युवा कांग्रेस के पदाधिकारियों ने उनका स्वागत किया। नरसिम्हा यादव ने कहा कि उत्तर प्रदेश के लोग आने वाले चुनाव में बदलाव चाहते हैं। इस बदलाव के लिए युवा कांग्रेस नए जोश के साथ मैदान में उतरेगी। संगठन को मजबूत करते हुए नई टीम बनाई जाएगी और युवाओं को इस अभियान से जोड़ा जाएगा। उन्होंने बताया कि युवा कांग्रेस दोगुनी शक्ति से सत्ताधारी दल के खिलाफ राजनीतिक लड़ाई लड़ेगी। युवाओं को संगठन से जोड़कर बूथ स्तर तक गतिविधियां तेज की जाएंगी। उन्होंने दावा किया कि कार्यकर्ता प्रदेश में कांग्रेस की सरकार बनाने के लिए अभियान चलाएंगे। इस बैठक में युवा कांग्रेस के पदाधिकारियों ने संगठन को मजबूत करने, युवाओं की भागीदारी बढ़ाने और आगामी चुनाव की रणनीति पर चर्चा की।

