ललितपुर में शुक्रवार को समाजवादी पार्टी ने ‘लोकतंत्र बचाओ सप्ताह’ की शुरुआत की। स्टेशन रोड स्थित पार्टी कार्यालय पर दोपहर करीब 3 बजे जिलाध्यक्ष नेपाल सिंह यादव ने प्रेसवार्ता की। उन्होंने बताया कि पार्टी की ओर से मुख्य निर्वाचन आयुक्त (CEC) ज्ञानेश कुमार को पद से हटाने, उनके खिलाफ मुकदमा चलाने और गिरफ्तारी की मांग की जा रही है। 2 से 8 अक्टूबर तक कार्यक्रम नेपाल सिंह यादव ने बताया कि 30 सितंबर को नई दिल्ली में INDIA गठबंधन की बैठक हुई थी। बैठक में 2 से 8 अक्टूबर तक ‘लोकतंत्र बचाओ सप्ताह’ मनाने का निर्णय लिया गया। इसी क्रम में समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव के निर्देश पर ललितपुर में भी कार्यक्रम शुरू किए गए हैं। उन्होंने बताया कि जिले में ‘वोट बचाओ-देश बचाओ’ मार्च निकाला जाएगा। दूसरे दिन विधानसभा स्तर पर बैठकें आयोजित होंगी। 5 अक्टूबर को कलेक्ट्रेट तक मार्च सपा जिलाध्यक्ष ने बताया कि 5 अक्टूबर को जेल चौराहे के पास स्थित डॉ. भीमराव आंबेडकर की प्रतिमा से जिला मजिस्ट्रेट कार्यालय तक मार्च निकाला जाएगा। इसके बाद कलेक्ट्रेट परिसर में राष्ट्रगान होगा और पार्टी कार्यकर्ताओं की ओर से ज्ञानेश कुमार का पुतला दहन किया जाएगा। गौरतलब है कि ज्ञानेश कुमार वर्तमान में भारत के मुख्य चुनाव आयुक्त हैं और उन्होंने 19 फरवरी 2025 को 26वें सीईसी के रूप में कार्यभार संभाला था। प्रेसवार्ता में ज्योति सिंह लोधी, अभी खजुरिया, अंतरवा खान, नरेंद्र लोधी सहित पार्टी के कई कार्यकर्ता मौजूद रहे।

