Sourav Ganguly on Hardik pandya: अगले साल वनडे वर्ल्ड कप होना है। टूर्नामेंट 2 अक्टूबर से 21 नवंबर तक दक्षिण अफ्रीका, जिम्बाब्वे और नामीबिया में खेला जाएगा। आईसीसी ने गुरुवार को केपटाउन में कार्यक्रम की आधिकारिक घोषणा की। शेड्यूल के ऐलान के बाद भारतीय टीम को लेकर चर्चा तेज हो गई है। इसी क्रम में भारत के पूर्व कप्तान सौरव गांगुली ने बयान दिया है। उनका मानना है कि स्टार तेज गेंदबाजी ऑलराउंडर हार्दिक पंड्या आगामी वनडे वर्ल्ड कप में भारतीय टीम का संतुलन बनाए रखने के लिए बेहद महत्वपूर्ण होंगे।
क्या बोले पूर्व भारतीय कप्तान?
पूर्व भारतीय कप्तान सौरव गांगुली ने जियोस्टार पर बातचीत में कहा कि हार्दिक पंड्या को फिट और मैच के लिए तैयार रखना मुख्य कोच गौतम गंभीर के लिए विश्व कप से पहले सबसे बड़ी चुनौतियों में से एक होगा।
उन्होंने कहा, ‘मुझे लगता है कि वर्ल्ड कप भारत के संतुलन के लिए हार्दिक पंड्या बहुत महत्वपूर्ण हैं। उन्हें मैदान पर फिट रखना कोच गौतम गंभीर और टीम के लिए सबसे बड़ी चुनौतियों में से एक है। मुझे नहीं लगता कि वह पर्याप्त क्रिकेट खेलते हैं, लेकिन भारत के लिए टीम का संतुलन सही होना जरूरी है। अगर हार्दिक चोटिल होते हैं, तो अगला सबसे अच्छा विकल्प नितीश रेड्डी हैं।’
‘रवींद्र जडेजा भी एक विकल्प’
पूर्व भारतीय कप्तान सौरव गांगुली ने कहा कि नितीश रेड्डी को हार्दिक के दूसरे विकल्प के तौर पर देखना है तो उन्हें आगामी वर्ल्ड कप तक निरंतर क्रिकेट मैच खेलना होगा। इस दौरान उन्होंने रवींद्र जडेजा का उल्लेख किया। उन्होंने कहा कि रवींद्र जडेजा भी एक विकल्प हैं। हालांकि क्या टीम उन्हें देखेगी, यह अलग बात है। उन्होंने भारतीय बॉलिंग ऑलराउंडर की तारीफ करते हुए कहा, वह नंबर सात पर शानदार बल्लेबाज हैं। फिलहाल वेस्टइंडीज के खिलाफ खेल रहे हैं।
वर्ल्ड कप 2027 में ऑस्ट्रेलिया से शुरुआत अच्छी बात
आगामी आईसीसी वनडे वर्ल्ड कप 2027 अभियान पर सौरव गांगूली ने कहा कि भारत का पहला मैच पाकिस्तान के बजाय ऑस्ट्रेलिया से होना अच्छी बात है। हालांकि पूर्व भारतीय कप्तान सौरव गांगूली की नजर दूसरे चरण में होने वाले भारत और साउथ अफ्रीका मुकाबले पर अधिक है।
सौरव गांगूली का मानना है कि भारत-पाकिस्तान मुकाबला अब प्रतिस्पर्धा के स्तर पर पहले जैसा नहीं रहा है। पाकिस्तान कमजोर है। पाकिस्तान टीम इंडिया से लंबे समय से हराता आ रहा है। वहीं, दक्षिण अफ्रीका इस समय बहुत मजबूत टीम है।



