हनुमानगढ़ के गोगामेड़ी से 28 अगस्त को लापता हुई नाबालिग की तलाश में उसका पिता लगातार थानों के चक्कर लगा रहा है। बेटी का अब तक कोई सुराग नहीं मिलने और पुलिस से अपेक्षित मदद नहीं मिलने से परेशान पिता ने शुक्रवार को अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक को ज्ञापन सौंपकर मदद की गुहार लगाई है। पिता का कहना है कि गोगामेड़ी थाने में एफआईआर दर्ज होने के बावजूद उन्हें अब तक बेटी के बारे में कोई जानकारी नहीं मिली है। प्रसाद की दुकान से लापता हुई बेटी पीड़ित के अनुसार उसकी नाबालिग बेटी 28 अगस्त को गोगामेड़ी स्थित अपनी प्रसाद की दुकान से लापता हो गई थी। बेटी के लापता होने के बाद से परिवार उसकी तलाश कर रहा है, लेकिन कोई सफलता नहीं मिली है। एफआईआर दर्ज, फिर भी नहीं मिला सुराग पीड़ित ने बताया कि बेटी के लापता होने के मामले में गोगामेड़ी थाने में एफआईआर दर्ज है, लेकिन अभी तक बेटी के संबंध में कोई जानकारी नहीं मिल सकी है। उनका कहना है कि बेटी की तलाश को लेकर वे लगातार पुलिस से संपर्क कर रहे हैं, लेकिन उन्हें कोई ठोस नतीजा नहीं मिला। ऐलनाबाद थाने में भी दी थी शिकायत पीड़ित ने 1 सितंबर 2026 को ऐलनाबाद थाने में भी शिकायत दी थी। उन्होंने शिकायत में कुछ संदिग्ध लोगों का जिक्र करते हुए आरोप लगाया था कि वे उनकी बेटी को बहला-फुसलाकर ले गए। पिता का आरोप है कि इस शिकायत पर भी अब तक अपेक्षित कार्रवाई नहीं हुई। ‘बेटी की तलाश के लिए हर दरवाजा खटखटा रहे’ बेटी के लापता होने के बाद माता-पिता लगातार संबंधित थानों के चक्कर लगा रहे हैं। उनका कहना है कि एक माता-पिता के तौर पर वह अपनी बेटी की तलाश के लिए हर संभव प्रयास कर रहे हैं, लेकिन अब तक उन्हें कोई ठोस जानकारी नहीं मिली है। उन्होंने अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक से गोगामेड़ी थाने में दर्ज एफआईआर की गंभीरता से जांच कराने तथा ऐलनाबाद थाने में दी गई शिकायत पर भी कार्रवाई करने की मांग की है। एएसपी से जल्द कार्रवाई की उम्मीद पीड़ित ने एएसपी को ज्ञापन देकर मामले में पुलिस स्तर पर प्रभावी कार्रवाई कराने और बेटी को जल्द तलाशने की गुहार लगाई है। परिवार को उम्मीद है कि दोनों शिकायतों की जांच कर पुलिस उनकी बेटी तक पहुंचने के लिए आवश्यक कदम उठाएगी।

