174 जानें बचाने वाले हीरो कैप्टन स्मित मच्छर के लिए प्रयागराज में गंगा आरती, जल्द  स्वास्थ्य की कामना

174 जानें बचाने वाले हीरो कैप्टन स्मित मच्छर के लिए प्रयागराज में गंगा आरती, जल्द  स्वास्थ्य की कामना

Smit Machchhar: दुबई से तेल अवीव जा रही फ्लाईदुबई की फ्लाइट FZ1073 में अपनी जान पर खेलकर 174 यात्रियों की जान बचाने वाले भारतीय पायलट कैप्टन स्मित मच्छार के शीघ्र स्वस्थ होने और मंगलकामना के लिए प्रयागराज के प्रसिद्ध दशाश्वमेध घाट पर विशेष पूजा-अर्चना एवं गंगा आरती का आयोजन किया गया।

दशाश्वमेध घाट पर आयोजित इस विशेष कार्यक्रम में बड़ी संख्या में स्थानीय नागरिक, महिलाएं और पुरुष हाथों में राष्ट्रीय ध्वज तिरंगा लेकर एकत्र हुए। इस दौरान बाबा भोलेनाथ का गेंदे के फूलों की मालाओं से भव्य श्रृंगार किया गया। उपस्थित श्रद्धालुओं और महिलाओं ने बारी-बारी से शिवलिंग पर जल अर्पित किया और हाथों में दीप लेकर मां गंगा और भगवान शिव की आरती उतारी। सभी ने एक स्वर में कैप्टन स्मित के अदम्य साहस की सराहना करते हुए उनके जल्द से जल्द स्वस्थ होने की प्रार्थना की।

क्या हुआ था फ्लाइट में

यह घटना बुधवार, 30 सितंबर 2026 को दुबई से तेल अवीव जा रही फ्लाईदुबई की फ्लाइट FZ1073 में हुई। विमान में 174 यात्री और छह क्रू मेंबर सवार थे, जिनमें लगभग सभी इजराइली नागरिक थे। इजराइली अधिकारियों का आरोप है कि को-पायलट ने बोइंग 737 MAX 8 का नियंत्रण हथियाने की कोशिश में कैप्टन पर हमला किया, जिससे विमान हजारों फीट नीचे आ गया। इजराइली मीडिया के हवाले से कहा गया है कि को-पायलट ओमान का नागरिक है। हमले के बाद विमान को सऊदी अरब के तबूक में इमरजेंसी लैंडिंग करनी पड़ी।

मुंबई के रहने वाले कैप्टन मच्छर गंभीर रूप से घायल हुए। यात्रियों के मुताबिक, घायल होने के बावजूद उन्होंने कॉकपिट का दरवाजा खोला, जिससे यात्री अंदर पहुंचे और हमलावर को काबू में किया।

पीएम मोदी ने की सराहना

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने कहा कि गंभीर खतरे और चोटों के बावजूद कैप्टन ने दूसरों की जान बचाने का अद्भुत साहस दिखाया और उनकी बहादुरी से बड़ी त्रासदी टली। इजराइली प्रधानमंत्री बेंजामिन नेतन्याहू ने उन्हें “सच्चा हीरो” बताया। इजराइली राष्ट्रपति हर्जोग ने भी उनका आभार जताया।

स्वास्थ्य की ताजा स्थिति

यूएई में भारतीय दूतावास ने गुरुवार को बताया कि कैप्टन मच्छर ठीक हैं हैं। नागर विमानन सचिव समीर कुमार सिन्हा ने भी उनके साहस की सराहना की। महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस ने गुरुवार को कैप्टन के चाचा-चाची से मुलाकात की।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *