कौशांबी के कोखराज टोल प्लाजा के पास देर रात करीब 11 बजे सर्राफा व्यापारी से लूट की वारदात हुई। प्रतापगढ़ से दुकान बंद कर बाइक से घर लौट रहे व्यापारी को टोल प्लाजा से करीब एक किलोमीटर आगे बाइक सवार तीन बदमाशों ने रोक लिया। आरोप है कि बदमाशों ने हेलमेट से व्यापारी पर हमला कर उसे घायल कर दिया और बैग छीनकर फरार हो गए। बैग में करीब 20 हजार रुपए नकद, एक किलो चांदी की ज्वेलरी और 20 ग्राम सोना बताया गया है। संदीपन घाट थाना क्षेत्र के मूरतगंज निवासी सुरेश चंद्र सोनी प्रतापगढ़ में ज्वेलरी की दुकान चलाते हैं। बताया गया कि गुरुवार देर रात दुकान बंद करने के बाद वह बाइक से अपने घर लौट रहे थे। रात करीब 11 बजे कोखराज टोल प्लाजा पार करने के करीब एक किलोमीटर आगे पीछे से आए बाइक सवार तीन अज्ञात बदमाशों ने उन्हें रोक लिया। हेलमेट से हमला कर बैग छीनकर भागे आरोप है कि बदमाशों ने सुरेश चंद्र सोनी पर हेलमेट से हमला किया और उनके पास मौजूद बैग छीन लिया। इसके बाद तीनों बदमाश बाइक से फरार हो गए। पीड़ित के मुताबिक बैग में करीब 20 हजार रुपए नकद, लगभग एक किलो चांदी की ज्वेलरी और 20 ग्राम सोना रखा था। घटना के समय व्यापारी के पास मोबाइल फोन भी नहीं था। मौके पर पहुंची पुलिस, दर्ज किया केस लूट की सूचना मिलते ही पुलिस अधिकारी मौके पर पहुंचे और घटनास्थल का निरीक्षण किया। एसपी सत्यनारायण के मुताबिक, पीड़ित की तहरीर के आधार पर कोखराज थाने में संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। पुलिस ने बदमाशों की पहचान और गिरफ्तारी के लिए जांच शुरू कर दी है। 15 सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली घटना के खुलासे के लिए पुलिस की चार टीमें गठित की गई हैं। टीमें आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाल रही हैं और बदमाशों के संभावित ठिकानों पर दबिश दे रही हैं। पुलिस टीम ने पूरी रात से लेकर शुक्रवार भोर करीब पांच बजे तक हाईवे किनारे स्थित होटलों और ढाबों पर लगे करीब 15 सीसीटीवी कैमरों की जांच-पड़ताल की। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि फुटेज और अन्य साक्ष्यों के आधार पर बदमाशों की पहचान कर जल्द गिरफ्तारी की जाएगी।

