जालंधर कैंट हाईवे पर एलपीयू (लवली प्रोफेशनल यूनिवर्सिटी) के पास सड़क हादसा हुआ है, जहां एक तेज रफ्तार टिपर ने मोटरसाइकिल सवार दो युवकों को अपनी चपेट में ले लिया। हादसे में एक युवक का सिर टिपर के पहिए के नीचे आ जाने से उसकी मौके पर ही मौत हो गई, जबकि उसका साथी गंभीर रूप से घायल हो गया। घटना की सूचना मिलते ही जालंधर कैंट पुलिस और एम्बुलेंस मौके पर पहुंची। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर आगे की कार्रवाई शुरू कर दी है।
पट्टी कराकर लौट रहे थे युवक, पुल से उतरते ही हुआ हादसा
घायल युवक दीपक ने बताया कि वह अपने दोस्त, जो पेशे से डॉक्टर था, के साथ मरीज की पट्टी करके बाइक से लौट रहा था। जैसे ही वे हाईवे स्थित पुल से नीचे उतर रहे थे, तभी पीछे से आ रहे एक टिपर ने पहले उन्हें साइड दी और फिर अचानक जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर लगते ही बाइक का संतुलन बिगड़ गया और दोनों सड़क पर गिर पड़े। दीपक के मुताबिक, टिपर चालक काफी तेज रफ्तार में था, जिसका अंदाजा सड़क पर पड़े ब्रेक के लंबे निशानों से लगाया जा सकता है।
पुलिस ने ड्राइवर को हिरासत में लिया, अस्पताल में चल रहा इलाज
हादसे के बाद मौके पर चीख-पुकार मच गई और मृतक का परिवार गहरे सदमे में है। कैंट थाना पुलिस के अधिकारियों ने बताया कि आरोपी टिपर चालक को मौके पर ही हिरासत में ले लिया गया है और वाहन को जब्त कर लिया गया है। मृतक के शव को पोस्टमार्टम के लिए सिविल अस्पताल भेज दिया गया है, जबकि घायल युवक को इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है। पुलिस का कहना है कि घायल युवक के बयानों के आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है।

