बठिंडा में चोरी बाद घूम रहे चोर को खुद पकड़ा:सीसीटीवी फुटे से की चोरों की पहचान, एक गिरफ्तार, दूसरे की तलाश जारी

बठिंडा में चोरी बाद घूम रहे चोर को खुद पकड़ा:सीसीटीवी फुटे से की चोरों की पहचान, एक गिरफ्तार, दूसरे की तलाश जारी

बठिंडा के गोपाल नगर में एक घर में चोरी के बाद परिवार के सदस्यों ने सीसीटीवी फुटेज के आधार पर एक आरोपी को पहचान लिया। इसके बाद सड़क पर जाते समय परिवार के लोगों ने उसका पीछा कर उसे पकड़ लिया और पुलिस के हवाले कर दिया। पुलिस ने मामले में एक आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है, जबकि दूसरे आरोपी की तलाश में छापेमारी की जा रही है। पुलिस के अनुसार, गोपाल नगर निवासी सुमन पत्नी मोती लाल के घर में चोरों ने सेंध लगाई थी। चोर घर से सोने-चांदी के जेवरात और नकदी चोरी कर ले गए। घटना के बाद परिवार ने घर में लगे सीसीटीवी कैमरों की रिकॉर्डिंग खंगाली। फुटेज में दो संदिग्ध घर की तरफ आते-जाते दिखाई दे रहे हैं। घर से जेवर और 30 हजार रुपए चोरी
शिकायत के मुताबिक, चोर घर से एक सोने का मंगलसूत्र, एक सोने की अंगूठी, पैरों में पहनने वाली चांदी की तीन जोड़ियां, चांदी की गणेश-लक्ष्मी की मूर्ति, चांदी के 15 सिक्के, दो जोड़ी चांदी की पाजेब, चांदी की चेन, मोतियों वाली चांदी की माला और चांदी की छापें चोरी कर ले गए। इसके अलावा घर से करीब 30 हजार रुपए की नकदी भी चोरी हुई।
चोरी के बाद परिवार के सदस्य सीसीटीवी फुटेज के आधार पर संदिग्धों की पहचान करने में जुटे थे। इसी दौरान उन्हें एक संदिग्ध सड़क पर जाता दिखाई दिया। परिवार के सदस्यों ने उसका पीछा किया और उसे पकड़कर पुलिस के हवाले कर दिया। आरोपी बोला- नशे के लिए साथ गया था पकड़े गए आरोपी की पहचान गोपाल नगर निवासी अंश उर्फ उत्तर अजय कुमार के रूप में बताई गई है। पूछताछ के दौरान आरोपी ने दावा किया कि उसे एक व्यक्ति मिला था, जिसके साथ वह नशा करने के लिए गया था। उसके मुताबिक, वह दूसरे व्यक्ति के साथ चोरी करने चला गया, लेकिन बाद में दूसरा आरोपी उसे छोड़कर फरार हो गया। आरोपी ने पुलिस को यह भी बताया कि वह दूसरे व्यक्ति को ज्यादा नहीं जानता। दूसरा आरोपी जैतो मंडी का रहने वाला बताया जा रहा है। हालांकि, पुलिस पूछताछ और जांच के बाद ही पूरे मामले की स्थिति स्पष्ट होगी। थाना कैनाल में केस, दूसरे आरोपी की तलाश
पुलिस ने मामले में एफआईआर दर्ज कर ली है। पुलिस के मुताबिक, पकड़े गए आरोपी के खिलाफ कार्रवाई की जा रही है, जबकि दूसरे आरोपी की गिरफ्तारी के लिए संभावित ठिकानों पर छापेमारी की जा रही है। सीसीटीवी फुटेज में दोनों संदिग्धों के घर की गली में आने-जाने की गतिविधियां स्पष्ट दिखाई देने की बात सामने आई है। परिवार के सदस्यों की सतर्कता के कारण पुलिस को एक आरोपी तक पहुंचने में मदद मिली। पुलिस अब चोरी किए गए सामान की बरामदगी और दूसरे आरोपी की गिरफ्तारी के प्रयास कर रही है। मामले की जांच के दौरान यह भी पता लगाया जा रहा है कि आरोपियों ने चोरी की वारदात से पहले घर की रेकी की थी या नहीं।

​ 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *