मुजफ्फरनगर के थाना सिविल लाइन क्षेत्र के जंगल में गुरुवार देर रात 12 बजे को एसओजी और पुलिस टीम की बदमाश परवेज पुत्र आशिफ से मुठभेड़ हो गई। कार्रवाई में बदमाश के दाहिने पैर में गोली लग गई। पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर लिया। आरोपी महिला से कुंडल स्नैचिंग मामले में वारंटी था। गिरफ्तार होने के बाद पूछताछ के दौरान बदमाश पुलिस के सामने हाथ जोड़कर गिड़गिड़ाया। पुलिस के फिर स्नैचिंग करने की बात कही तो बोला, ‘साहब जाने दो, अब कभी नहीं करूंगा।’ पुलिस ने आरोपी के पास से तमंचा, कारतूस और बाइक बरामद की है। महिला से कुंडल स्नेचिंग के बाद तलाश में जुटी थी एसओजी पुलिस के मुताबिक, कुछ दिन पहले सिविल लाइन क्षेत्र में एक महिला से कुंडल स्नेचिंग की घटना हुई थी। मामले के खुलासे के लिए जिला एसओजी टीम जांच कर रही थी। जांच के दौरान मेरठ निवासी परवेज पुत्र आशिफ का नाम सामने आया। आरोपी के खिलाफ छह से अधिक मुकदमे दर्ज हैं। बाइक देखकर पुलिस ने किया पीछा गुरुवार को जिला एसओजी और चौकी इंचार्ज साकेत की पुलिस टीम रुड़की रोड क्षेत्र में चेकिंग कर रही थी। इसी दौरान पुलिस को एक बाइक आती दिखाई दी। पुलिस के अनुसार, बाइक स्नेचिंग की घटना में इस्तेमाल बाइक से मिलती-जुलती थी। पुलिस टीम ने बाइक सवार का पीछा किया। पुलिस को पीछे आता देख बाइक सवार जंगल की ओर मुड़ गया। टीम ने जंगल में उसे घेर लिया। पुलिस पर फायरिंग करने का आरोप, जवाबी कार्रवाई में लगी गोली पुलिस के अनुसार, घिरने के बाद आरोपी ने पुलिस टीम पर फायरिंग कर दी। पुलिस ने आत्मरक्षा में जवाबी कार्रवाई की। इस दौरान आरोपी के पैर में गोली लग गई और वह घायल होकर गिर पड़ा। पुलिस ने उसे मौके से हिरासत में ले लिया। पुलिस ने आरोपी के कब्जे से तमंचा, कारतूस और बाइक बरामद करने का दावा किया है। घायल आरोपी को पुलिस अभिरक्षा में अस्पताल भेजा गया। पुलिस अब आरोपी से पूछताछ कर रही है। पूछताछ में स्नेचिंग की अन्य घटनाओं और उसके साथियों के बारे में जानकारी जुटाई जा रही है। अधिकारियों के मुताबिक, मामले में आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है। एसपी सीटी अमृत जैन ने बताया बदमाश को गिरफ्तार कर इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है। वह महिला से स्नैचिंग का आरोपी है। पूछताछ कर मामले की जांच की जा रही है।

