झालावाड़ में रसद विभाग ने खाद्यान्न वितरण में गड़बड़ी के आरोप में दो राशन डीलरों को निलंबित कर दिया है। इन पर गेहूं का स्टॉक कम मिलने और वितरण में लापरवाही बरतने का आरोप है। विभाग को लंबे समय से इन डीलरों की शिकायतें मिल रही थीं। रसद विभाग के ईओ गोविंद देथा ने बताया कि झालावाड़ शहर में गर्ल्स स्कूल के पास एक राशन डीलर की दुकान पर जांच हुई। यहां करीब 30 क्विंटल गेहूं कम मिला। साथ ही, समय पर खाद्यान्न नहीं बांटने की लापरवाही भी सामने आई। इसी तरह अकलेरा उपखंड के चुरेलिया गांव में भी एक राशन डीलर के यहां गेहूं का स्टॉक निर्धारित मात्रा से कम पाया गया। गड़बड़ी की आशंका के चलते विभाग ने इस डीलर को भी निलंबित कर दिया। निलंबन के बाद विभाग ने संबंधित दुकानों से जुड़े उपभोक्ताओं के लिए वैकल्पिक व्यवस्था की है। उन्हें पास के राशन डीलरों के यहां से खाद्य सामग्री उपलब्ध कराई जाएगी। अधिकारियों ने खाद्यान्न के स्टॉक और वितरण व्यवस्था में पारदर्शिता बनाए रखने को कहा है।

