हापुड़ के तहसील चौपाल क्षेत्र में न्यू सूरी स्वीट्स में खाद्य सुरक्षा विभाग ने सोमवार को बालूशाही का सैंपल लिया। खराब और सड़ी बालूशाही बेचने की शिकायत पर यह कार्रवाई हुई। टीम ने शिकायतकर्ता की मौजूदगी में नमूना लेकर जांच के लिए लैब भेजा है। यह दो हफ्ते में दुकान पर विभाग की दूसरी कार्रवाई है। देवेंद्र त्यागी ने बताया कि रविवार शाम उनके बेटे ने न्यू सूरी स्वीट्स से बालूशाही खरीदी थी। घर आकर मिठाई खाते समय उसमें से बदबू आई। परिवार ने बालूशाही को संभालकर रखा और खाद्य सुरक्षा विभाग को सूचना दी। जांच के दौरान टीम ने दुकान परिसर में साफ-सफाई भी देखी। अधिकारियों को परिसर में चूहे भी दिखे। दुकानदार को पेस्ट कंट्रोल कराने और उसका सर्टिफिकेट देने के निर्देश दिए गए हैं। करीब दो हफ्ते पहले फफूंदी लगी मिल्क केक बेचने की शिकायत पर भी विभाग ने यहां कार्रवाई की थी। बालूशाही के नमूने की लैब रिपोर्ट का इंतजार है। रिपोर्ट आने के बाद आगे की कार्रवाई तय होगी।

