प्रयागराज में रामलीला में भगवान राम का किरदार निभाने वाले युवक को AI जनरेटेड वीडियो के जरिए शराब पीते हुए दिखाकर बदनाम करने का मामला सामने आया है। करेली निवासी युवक ने अपनी पत्नी साक्षी गुप्ता पर इंस्टाग्राम के जरिए अश्लील और AI जनरेटेड वीडियो वायरल करने, अभद्र टिप्पणियां करने और धमकी देने का आरोप लगाया है। ऋषभ का कहना है कि सोशल मीडिया पर उन्हें इस तरह बदनाम किया जा रहा है, ताकि रामलीला कमेटी से उनका राम का किरदार छिन जाए।
19 सितंबर को इंस्टाग्राम आईडी हैक होने का दावा
युवक ने करेली थाने में दी तहरीर में बताया कि उसकी पत्नी घरेलू विवाद के बाद वह मायके रह रही है। इसी विवाद को लेकर दोनों के बीच पहले से मुकदमा चल रहा है। आरोप है कि इसके बाद 10 अगस्त से पत्नी उसके और परिवार के खिलाफ इंस्टाग्राम पर अश्लील, AI से बनाए गए वीडियो और अभद्र शब्दों वाली सामग्री वायरल कर रही है। आईडी भी हैक कराई
युवक का यह भी कहना है कि 19 सितंबर को उसकी अपनी आईडी किसी हैकर से हैक कराई गई। इसके बाद 25 सितंबर को एक ऐसा AI जनरेटेड वीडियो सामने आया, जिसमें उन्हें शराब पीते हुए दिखाया गया। वीडियो का उद्देश्य उन्हें और उनके परिवार को सामाजिक रूप से बदनाम करना है।
पिछले कई साल से निभा रहे किरदार
युवक ने पुलिस को बताया कि वह रामलीला में पिछले कई साल से राम का किरदार अदा कर रहा है। सोशल मीडिया पर उसे बदनाम करने की कोशिश सिर्फ परिवार तक सीमित नहीं है। रामलीला से उसे हटवाना भी इसका मकसद है।
‘प्रयागराज में घुसकर मारूंगी कहकर धमकाया
युवक ने धमकी दिए जाने का भी आरोप लगाया है। उसका कहना है कि उसे धमकी दी गई कि प्रयागराज में घुसकर मारूंगी, कोई मेरा कुछ बिगाड़ नहीं सकता। युवक की तहरीर पर शनिवार को करेली पुलिस ने इस मामले में उसकी पत्नी और एक अज्ञात के खिलाफ आईटी एक्ट समेत अन्य आरोपों में रिपोर्ट दर्ज कर ली। करेली एसएचओ सच्चिदानंद सिंह का कहना है कि जांच की जा रही है।

