देवरिया में बारिश से मौसम सुहाना, उमस से मिली राहत:किसानों के चेहरे खिले; गुरुवार को 10 एमएम बारिश रिकॉर्ड, 26 सितंबर तक आसार

देवरिया में बारिश से मौसम सुहाना, उमस से मिली राहत:किसानों के चेहरे खिले; गुरुवार को 10 एमएम बारिश रिकॉर्ड, 26 सितंबर तक आसार

देवरिया जिले में गुरुवार सुबह से रुक-रुककर हुई बारिश से मौसम सुहाना हो गया। शुक्रवार को भी आसमान में बादल छाए रहे और कई इलाकों में हल्की बारिश होती रही। कई दिनों से उमस और गर्मी से परेशान लोगों को बारिश से राहत मिली है। तापमान में गिरावट के साथ ठंडी हवाएं चलने से मौसम में ठंडक बढ़ गई। गुरुवार को सुबह से ही बूंदाबांदी शुरू हो गई थी। दिनभर कभी रिमझिम तो कभी तेज बारिश हुई। देसही देवरिया और तरकुलवा क्षेत्र में भी बारिश होती रही। इससे किसानों में खुशी है। किसानों के अनुसार, इस समय धान की फसल को बारिश की जरूरत थी। समय पर पानी मिलने से धान की फसल को फायदा होगा और पैदावार बेहतर होने की उम्मीद है। खरीफ की अन्य फसलों की बढ़वार में भी तेजी आने की संभावना है। कृषि वैज्ञानिक डॉ. मांधाता सिंह ने बताया कि सितंबर के अंतिम सप्ताह में हुई बारिश किसानों के लिए फायदेमंद है। इससे धान की फसल में बालियों के विकास और दाने बनने में मदद मिलेगी। साथ ही जाड़े में बोई जाने वाली सब्जियों और रबी की फसलों की तैयारी में भी यह बारिश उपयोगी रहेगी। गुरुवार को जिले में करीब 10 एमएम बारिश रिकॉर्ड की गई। शुक्रवार को न्यूनतम तापमान करीब 23 और अधिकतम 24 डिग्री सेल्सियस रहने का अनुमान है। करीब 30 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से हवा चल रही है। तेज हवा चलने से कुछ स्थानों पर पेड़ उखड़ गए हैं। कुछ जगहों पर बिजली के तार भी टूट गए, जिससे लोगों को परेशानी हुई। मौसम विभाग के अनुसार, 26 सितंबर तक मौसम में बदलाव जारी रहने और बारिश की संभावना है।

​ 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *