कानपुर देहात में मुगल रोड पर गुरुवार रात करीब 10 बजे एक सड़क हादसे में 25 वर्षीय आसिफ खां की मौत हो गई। मदियापुर गांव के पास तेज रफ्तार डंपर ने उनकी बाइक को पीछे से टक्कर मार दी थी। टक्कर इतनी जोरदार थी कि आसिफ की मौके पर ही जान चली गई। हादसे के बाद डंपर चालक वाहन लेकर मौके से भाग गया। राजपुर कस्बे की नई बस्ती के रहने वाले आसिफ खां जल्ला गांव में मुगल रोड किनारे एक जनरल स्टोर चलाते थे। गुरुवार रात करीब 10 बजे वह रोज की तरह दुकान बंद करके बाइक से अपने घर लौट रहे थे। इसी दौरान मदियापुर गांव के सामने शाहजहांपुर की ओर से आ रहे तेज रफ्तार डंपर ने उनकी बाइक को पीछे से टक्कर मार दी। प्रत्यक्षदर्शियों ने बताया कि हादसा बहुत भयानक था। टक्कर के बाद आसिफ सड़क पर गिर गए और डंपर की चपेट में आने से उनका शरीर क्षत-विक्षत हो गया। चेहरा और एक पैर के अलावा पूरा शरीर मांस के ढ़ेर में बदल गया स्थिति ये है को हादसे के वीडियो में अपने दर्शकों को नहीं दिखा सकते हादसे के बाद घटनास्थल पर भीड़ जमा हो गई। राहगीरों ने तुरंत पुलिस को सूचना दी। पुलिस मौके पर पहुंची और शव को अपने कब्जे में लेकर आगे की जांच शुरू की। हादसे की खबर मिलते ही परिवार में दुख का माहौल छा गया। परिजनों ने बताया कि आसिफ ही परिवार का मुख्य सहारा थे। मृतक के चचेरे भाई जावेद ने बताया कि उनके परिवार ने पहले भी सड़क हादसे का दुख झेला है। कुछ साल पहले उनके चाचा असरार खां की भी उरई में सड़क हादसे में मौत हो चुकी है। राजपुर थाना प्रभारी संजेश कुमार ने बताया कि फरार डंपर और उसके चालक की तलाश की जा रही है। शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा जा रहा है। शिकायत मिलने पर आगे की कार्रवाई की जाएगी। इस हादसे के बाद एक बार फिर मुगल रोड पर तेज रफ्तार वाहनों और सड़क सुरक्षा को लेकर सवाल उठ गए हैं।

