अलवर की पहली मेयर सुमनलता अग्रवाल ने कार्यभार ग्रहण करने में 4 दिन लगा दिए। शुक्रवार को जब वे कार्यभार ग्रहण करने पहुंची तो चैंबर पर सुमनलता अग्रवाल की नेम प्लेट लगी थी। लेकिन कुछ मिनट बाद उसे हटाकर सुमन अजय अग्रवाल नाम से लगाई। इस दौरान वन राज्य मंत्री संजय शर्मा भी मेयर को कार्यभार ग्रहण कराने पहुंचे। मंत्री ने खूब नारे भी लगाए। सुबह करीब साढ़े 7 बजे कुर्सी संभालने के बाद मेयर का जयपुर से बुलावा आ गया। वे सुबह 11 बजे जयपुर पहुंच गई। वहीं, अलवर के पहले डिप्टी मेयर बने अजय पूनिया को खुद के चैंबर (2 नंबर कमरे) के हालत ठीक नहीं लगे। अब उनका चैंबर 9 नंबर कमरे में बनेगा। इसमें रिनोवेशन का काम शुरू हो गया है। इसलिए डिप्टी मेयर को कुर्सी संभालने में कुछ दिन और लग सकते हैं। डिप्टी मेयर पूनिया ने कहा कि पुराना कमरा काफी छोटा है। मेयर बोलीं- जनता के अनुसार काम करवाएंगे कार्यभार ग्रहण करने के बाद मेयर सुमनलगता अग्रवाल ने कहा कि सब कार्यकर्ताओं का आभार। हमने काम करना शुरू कर दिया है। जल्दी जनता के बीच जाकर उनके अनुसार काम कराएंगे। इस दौरान वन राज्य मंत्री संजय शर्मा ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा, केंद्रीय मंत्री भूपेंद्र यादव, जिलाध्यक्ष अशोक गुप्ता के खूब नारे लगाए। तब डिप्टी मेयर अजय पूनिया ने वन राज्य मंत्री संजय शर्मा का मुंह दबाकर वन मंत्री संजय शर्मा के नारे लगाए। पूनिया ने कहा – मेयर पर कोई विपदा आई तो तुरंत पहुंच जाऊंगा इस अवसर पर डिप्टी मेयर अजय पूनिया ने कहा कि मेयर ने कुर्सी संभाल ली है। घंटी बजाई तो चपरासी तुरंत आया। लेकिन आगे मेयर पर कोई विपदा आएगी तो घंटी से पहले मैं पहुंच जाऊंगा। अलवर में कार्य भार ग्रहण करने के तुरंत बाद मेयर सुमनलता अग्रवाल, डिप्टी मेयर अजय पूनिया सहित पार्टी के कई पदाधिकारी व कार्यकर्ता जयपुर पहुंचे हैं। वहां बीजेपी के राष्ट्रीय अध्यक्ष का कार्यक्रम है। जहां प्रदेश नवनिर्वाचित जनप्रतिनिधियों को बुलाया गया है।

