Bharatpur : नदबई नगर पालिका उपाध्यक्ष पद के निर्वाचन को लेकर विवाद सामने आया है। आरोप है कि सुरजीत उर्फ छुट्टन डॉन ने अपने नाम निर्देशन पत्र में पार्षद रविन्द्र के कूटरचित हस्ताक्षर कर उन्हें अपना प्रस्तावक दर्शा दिया और नाम निर्देशन पत्र रिटर्निंग अधिकारी के समक्ष पेश कर दिया। मामले की जानकारी जब संबंधित पार्षद रविन्द्र को हुई तो उन्होंने रिटर्निंग अधिकारी के समक्ष शिकायत प्रार्थना पत्र प्रस्तुत कर पूरे मामले की जानकारी दी।
शिकायत में पार्षद रविन्द्र द्वारा आरोप लगाया गया कि उनके हस्ताक्षर का कूटरचित तरीके से इस्तेमाल कर उन्हें प्रस्तावक बनाया गया, जबकि उन्होंने ऐसा कोई प्रस्ताव नहीं दिया। वहीं पार्षद रविन्द्र ने बताया कि मैं बाड़े बंदी में मौजूद था। इसके अलावा शिकायतकर्ता की ओर से आरोप लगाया गया है कि सुरजीत उर्फ छुट्टन डॉन निर्वाचित पार्षद नहीं होने के बावजूद उपाध्यक्ष पद के लिए नामांकन दाखिल करने पहुंचा। मामले को लेकर शिकायतकर्ता पार्षद ने थाने में भी रिपोर्ट दर्ज कराई है।
नदबई नगर पालिका : भाजपा की कृष्णा कुमारी निर्विरोध उपाध्यक्ष घोषित
राजस्थान में भरतपुर की नदबई नगर पालिका में मंगलवार को उपाध्यक्ष पद पर भारतीय जनता पार्टी पार्षद कृष्णा कुमारी को निर्विरोध उपाध्यक्ष घोषित किया गया। आधिकारिक सूत्रों ने बताया कि उपाध्यक्ष पद के लिए निर्दलीय प्रत्याशी सुरजीत सिंह का नामांकन जांच के दौरान खारिज होने से कृष्णा कुमारी एकमात्र प्रत्याशी बची थीं। निर्वाचन एवं उपखंड अधिकारी ने उन्हें पद एवं गोपनीयता की शपथ दिलाई। इसके साथ ही पालिका सभागार में नवनिर्वाचित अध्यक्ष कमलेश कटारा और पार्षदों को भी शपथ दिलाई गई।
अध्यक्ष से लेकर उपाध्यक्ष तक दोनों निर्विरोध निर्वाचन
नदबई नगर पालिका चुनाव में इस बार अध्यक्ष और उपाध्यक्ष दोनों पदों पर निर्विरोध निर्वाचन हुआ है। इससे पहले भाजपा की कमलेश कटारा वार्ड नंबर 35 से निर्विरोध पार्षद निर्वाचित हुई थीं। बाद में अध्यक्ष पद के लिए भी उनके सामने कोई अन्य प्रत्याशी नहीं आया और वे निर्विरोध पालिकाध्यक्ष चुनी गईं। अब उपाध्यक्ष पद पर भी कृष्णा कुमारी के निर्विरोध निर्वाचन के बाद पालिका में अध्यक्ष और उपाध्यक्ष दोनों पदों पर निर्विरोध निर्वाचन हुआ है।

