अवैध कट से हादसा हुआ तो NHAI इंजीनियर पर FIR:सहारनपुर में DM ने दिए निर्देश, सड़क सुरक्षा समिति की बैठक में हुई समीक्षा

अवैध कट से हादसा हुआ तो NHAI इंजीनियर पर FIR:सहारनपुर में DM ने दिए निर्देश, सड़क सुरक्षा समिति की बैठक में हुई समीक्षा

सहारनपुर में सड़क हादसों को रोकने और सड़क सुरक्षा व्यवस्था को बेहतर बनाने के लिए डीएम अरविंद कुमार चौहान ने अधिकारियों को सख्त निर्देश दिए हैं। मंगलवार शाम 6:30 बजे कलेक्ट्रेट के नवीन सभागार में जिलाधिकारी की अध्यक्षता में जिला सड़क सुरक्षा समिति की मासिक समीक्षा बैठक हुई।इसमें सड़क दुर्घटनाओं,ब्लैक स्पॉट,अवैध कट और सड़क सुरक्षा अभियान की प्रगति की समीक्षा की गई। डीएम ने कहा कि सड़क सुरक्षा अभियान में किसी भी स्तर पर लापरवाही बर्दाश्त नहीं होगी। लापरवाही करने वाले अधिकारियों के स्पष्टीकरण मांगने और वेतन रोकने के निर्देश दिए गए हैं। उन्होंने अधिकारियों से कहा कि बैठक में दिए गए निर्देशों का पूरी तरह पालन सुनिश्चित करें। जिलाधिकारी ने NHAI के अधिकारियों को निर्देश दिए कि संबंधित उपजिलाधिकारी और सीओ से तत्काल तालमेल बनाकर हाईवे पर बने सभी अवैध कट बंद कराए जाएं। उन्होंने साफ चेतावनी दी कि भविष्य में किसी अवैध कट के कारण दुर्घटना होती है, तो संबंधित क्षेत्र के NHAI साइट इंजीनियर का नाम भी FIR में शामिल किया जाएगा। मुजफ्फरनगर-सहारनपुर मार्ग पर चिन्हित ब्लैक स्पॉट पर अगली बैठक से पहले अल्पकालीन सुधार कार्य पूरा कराने के निर्देश दिए गए। वहीं, सरसावा कट पर लंबे समय के लिए सड़क सुरक्षा सुधार के लिए जरूरी DPR तत्काल शासन को भेजने के निर्देश NHAI रुड़की के अधिकारियों को दिए गए। डीएम ने NHAI के अधिशासी अभियंता को निर्देश दिए कि जिले के सभी टोल प्लाजा और दिल्ली-देहरादून इकोनॉमिक कॉरिडोर पर चल रही एंबुलेंस ऑपरेटरों के नंबर सभी थानों पर चिपकाए जाएं। इससे हादसे की स्थिति में एंबुलेंस को तुरंत बुलाया जा सकेगा। वन विभाग के अधिकारियों को दिल्ली-यमुनोत्री मार्ग पर सड़क की सतह से सटे पेड़ों का संयुक्त निरीक्षण करने के निर्देश भी दिए गए। जिलाधिकारी ने संबंधित पुलिस अधिकारियों को सड़क दुर्घटनाओं के आंकड़ों की I-RAD पोर्टल पर ऑनलाइन फीडिंग सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।मुख्य चिकित्साधिकारी, DIOS और बेसिक शिक्षा अधिकारी सहित सड़क सुरक्षा से जुड़े विभागों को प्रतिदिन जागरूकता कार्यक्रम कराने के निर्देश भी दिए गए। बैठक में CDO डॉ. सुनील कुमार वर्मा, ADM संतोष बहादुर सिंह,PWD के अधिशासी अभियंता धर्मेंद्र सिंह, ARTO प्रशासन एवं प्रवर्तन,नगर निगम, NHAI सहित संबंधित विभागों के अधिकारी मौजूद रहे।

​ 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *