टीकमगढ़ जिले के पलेरा जनपद शिक्षा केंद्र के टौरिया गांव में मंगलवार को प्राथमिक स्कूल के छात्रों ने स्कूल में ताला लगा दिया। छात्रों ने स्कूल में फैली गंदगी और अव्यवस्थाओं के विरोध में यह कदम उठाया। घटना की जानकारी मिलते ही पलेरा थाना प्रभारी प्रीति भार्गव और तहसीलदार पलक जैन मौके पर पहुंचे। उन्होंने बच्चों से बात की और घटना के बारे में पूछताछ की। छात्रों ने अधिकारियों को बताया कि स्कूल में नियमित सफाई नहीं होती, जिससे हर जगह गंदगी फैली रहती है। साथ ही, स्कूल में तैनात शिक्षक समय पर नहीं आते और बिजली भी नहीं है। भीषण गर्मी में उन्हें काफी परेशानी होती है। इस मामले में शिक्षा विभाग के कर्मचारियों ने थाने में शिकायत दर्ज कराई। वहीं, बच्चों के अभिभावकों ने भी थाने पहुंचकर अपनी शिकायत दी। तहसीलदार और टीआई ने किया निरीक्षण शिक्षा व्यवस्था से जुड़ा मामला होने के कारण तहसीलदार पलक जैन और थाना प्रभारी प्रीति भार्गव ने टौरिया गांव पहुंचकर स्कूल का निरीक्षण किया। अधिकारियों ने स्कूल परिसर की व्यवस्थाओं का जायजा लिया और गंदगी व अव्यवस्थाओं पर नाराजगी जताई। उन्होंने पूरे मामले की जानकारी ब्लॉक शिक्षा अधिकारी और जिला शिक्षा अधिकारी को दी है। तहसीलदार ने बच्चों को पढ़ाई के लिए प्रेरित किया और उनसे नियमित रूप से स्कूल आने को कहा। ग्रामीणों के सहयोग से स्कूल परिसर में सफाई अभियान भी चलाया गया। अधिकारियों ने स्कूल की व्यवस्थाओं में सुधार के लिए जरूरी निर्देश दिए हैं। पूरे मामले की जांच कराई जाएगी तहसीलदार ने बताया कि बीईओ को स्कूल की व्यवस्था सुधारने की हिदायत दी गई है। जिला शिक्षा अधिकारी को पत्र लिखकर पूरे मामले की जांच कर कार्रवाई करने के निर्देश दिए गए हैं।

