रामपुर में गोसेवा गोपाल सेवा समिति की एक महत्वपूर्ण बैठक रविवार को सिविल लाइंस स्थित प्रिंस पार्क में आयोजित की गई। बैठक में सर्वसम्मति से निर्णय लिया गया कि श्राद्ध पक्ष में पितरों के मोक्ष एवं उनकी शांति के लिए प्रसिद्ध कथावाचक पंडित कन्हैयालाल शर्मा के श्रीमुख से श्रीमद्भागवत कथा का आयोजन किया जाएगा। समिति अध्यक्ष संदेश अग्रवाल ने बताया कि कथा का आयोजन 28 सितंबर से किया जाएगा तथा कथा का समय दोपहर 3 बजे से शाम 6 बजे तक रहेगा। कथा के समापन के अवसर पर 4 अक्टूबर को विशाल भंडारे का आयोजन किया जाएगा। बैठक में यह भी निर्णय लिया गया कि 28 सितंबर को प्रातः कलश यात्रा शनि मंदिर से प्रारंभ होकर आवास विकास कॉलोनी से होते हुए कथा स्थल तक पहुंचेगी। इसके पश्चात श्रद्धालु श्रीमद्भागवत कथा का श्रवण करेंगे। बैठक में समिति के सदस्यों ने बढ़-चढ़कर भाग लिया और आयोजन को सफल बनाने के लिए आवश्यक तैयारियों पर चर्चा की। इस अवसर पर पंडित संतोष शर्मा, नरेश चंद शर्मा, राम किशोर शर्मा, राजन शर्मा, सारिका गोयल, मधु बंसल, सर्वेश अग्रवाल, संजीव यादव एडवोकेट, विनोद कुमार श्रीवास्तव, सुमित कुमार गुप्ता सहित समिति अध्यक्ष संदेश अग्रवाल उपस्थित रहे।

