भोपाल के निशातपुरा थाना क्षेत्र की हाउसिंग बोर्ड कॉलोनी में चलती बाइक पर दोस्त की कनपटी से सटाकर गोली मारने वाले आरोपी को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस ने आरोपी के पास से वारदात में इस्तेमाल कट्टा भी बरामद किया है। आरोपी ने पूछताछ में बताया कि उसने यह कट्टा कुछ दिन पहले विदिशा से खरीदा था। पुलिस ने उसे मुखबिर की सूचना पर गांधीनगर से पकड़ा। मछली पकड़ने निकले थे तीन दोस्त पुलिस के मुताबिक रविवार सुबह 24 वर्षीय इखलास ताशी अपने दोस्त अलीम उर्फ अल्लू और एक अन्य युवक के साथ बाइक से मछली पकड़ने निकला था। बाइक तीसरा साथी चला रहा था, जबकि ताशी बीच में और अलीम पीछे बैठा था। रास्ते में अलीम ने अपने पास रखा कट्टा निकाला और ताशी की कनपटी से सटाकर गोली मार दी। गोली लगने से ताशी की मौके पर ही मौत हो गई। बाइक चालक को धमकाकर सिंधी कॉलोनी तक गया वारदात के बाद अलीम ने बाइक चला रहे दोस्त को धमकाया और उसके साथ सिंधी कॉलोनी तक गया। इसके बाद वह वहां से फरार हो गया। पुलिस ने हत्या का मामला दर्ज कर आरोपी की तलाश शुरू की। सोमवार देर रात पुलिस को आरोपी के गांधीनगर थाना क्षेत्र में होने की सूचना मिली। इसके बाद पुलिस ने घेराबंदी कर उसे गिरफ्तार कर लिया। विदिशा से कट्टा खरीदने की बात कही डीसीपी जोन-4 आदित्य कांत शुक्ला के मुताबिक आरोपी के पास से वारदात में इस्तेमाल कट्टा बरामद हुआ है। आरोपी ने पूछताछ में बताया कि उसने यह कट्टा कुछ दिन पहले विदिशा से खरीदा था। पुलिस हत्या की वजह को लेकर आरोपी से पूछताछ कर रही है। पुलिस के मुताबिक आरोपी पूछताछ में लगातार गुमराह कर रहा है। तीसरे युवक की भूमिका की भी जांच वारदात के समय बाइक चला रहे तीसरे युवक की भूमिका की भी पुलिस जांच कर रही है। पुलिस यह पता लगाने का प्रयास कर रही है कि हत्या की घटना में उसकी कोई भूमिका थी या नहीं।

