प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के सार्वजनिक जीवन के 25 साल पूरे होने पर ‘सेवा संकल्प अभियान’ चलाया जा रहा है। इसके तहत ‘जल जन सेवा संकल्प बाइक यात्रा’ वाराणसी से वड़नगर के लिए निकली है। यह यात्रा शुक्रवार को भदोही और मछलीशहर होते हुए प्रतापगढ़ पहुंची। जिले में भारतीय जनता युवा मोर्चा (भाजयुमो) के जिलाध्यक्ष अंशुमान सिंह की अगुवाई में शिवगढ़ा में बाइक यात्रा का जोरदार स्वागत हुआ। शाम करीब छह बजे यात्रा कटरा स्थित शीतला धाम मंदिर पहुंची, जहां रात में विश्राम किया गया। शनिवार सुबह करीब 10 बजे यात्रा के आगे बढ़ने से पहले शीतला धाम में पौधरोपण किया गया। इसके साथ ही स्वच्छता अभियान भी चलाया गया। इस दौरान पर्यावरण संरक्षण और सेवा का संदेश दिया गया। सदर विधायक राजेंद्र मौर्य, पूर्व सांसद संगम लाल गुप्ता, भाजपा जिलाध्यक्ष आशीष श्रीवास्तव और भाजयुमो जिलाध्यक्ष अंशुमान सिंह समेत कई भाजपा पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं ने मंदिर परिसर में झाड़ू लगाकर स्वच्छता का संदेश दिया।
इसके बाद बाइक यात्रा शीतला धाम से रायबरेली के लिए रवाना हुई। प्रतापगढ़ में यात्रा का यह अंतिम पड़ाव था। जिले की सीमा पर रायबरेली भाजपा की टीम यात्रा का स्वागत कर उसे आगे के लिए भेजेगी। भाजयुमो जिलाध्यक्ष अंशुमान सिंह ने बताया कि सेवा संकल्प अभियान का मकसद समाज के अंतिम व्यक्ति तक विकास और जनकल्याण की योजनाओं का लाभ पहुंचाने का संदेश देना है। उन्होंने कहा कि यात्रा के जरिए सेवा, स्वच्छता, पर्यावरण संरक्षण और जनभागीदारी का संदेश लोगों तक पहुंचाया जा रहा है।

