जालंधर-लुधियाना हाईवे पर गन पाइंट पर लूट:जेएंडके के ट्रक ड्राइवर से नकदी छीनी, लोग बचाने आए तो पिस्तौल तानी, पुलिस जांच में जुटी

जालंधर-लुधियाना हाईवे पर गन पाइंट पर लूट:जेएंडके के ट्रक ड्राइवर से नकदी छीनी, लोग बचाने आए तो पिस्तौल तानी, पुलिस जांच में जुटी

जालंधर-लुधियाना नेशनल हाईवे पर फिल्लौर के गांव भट्टियां के पास कार सवार युवकों ने गनपाइंट पर ट्रक ड्राइवर को लूट लिया। घटना शुक्रवार देर रात 12 बजे के बाद की है।
आई-20 कार में सवार होकर आए 4 से 5 अज्ञात बदमाशों ने ओवरटेक कर ट्रक के आगे अपनी गाड़ी अड़ा दी। इसके बाद बदमाशों ने लाठी-डंडों से हमला बोलकर ट्रक के शीशे तोड़ डाले और चालक के साथ जमकर मारपीट की।
पीड़ित ड्राइवर आसिफ हुसैन निवासी सतवाड़ (जम्मू-कश्मीर) ने बताया कि बदमाशों ने उनके सिर पर पिस्तौल तान दी और गोली मारने की धमकी देकर 50 हजार रुपए की नकदी और मोबाइल फोन लूट लिया।
वारदात के वक्त ट्रक खन्ना से माल लोड कर जम्मू की ओर जा रहा था। घटना की सूचना के बाद मौके पर पहुंची फिल्लौर पुलिस ने ड्राइवर के बयान दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। पुलिस ने कहा कि सुबह आसपास के सीसीटीवी कैमरे खंगाले जाएंगे और युवकों की पहचान कर उनकी धरपकड़ की जाएगी। ग्रामीणों ने बचाने की कोशिश की तो पिस्तौल लेकर पीछे भागे लुटेरे
घटना के दौरान जब पास के गांव भट्टियां के युवाओं ने चीख-पुकार सुनकर ड्राइवर को छुड़ाने का प्रयास किया, तो बेखौफ लुटेरे हाथ में पिस्तौल लेकर ग्रामीणों के पीछे ही दौड़ पड़े। गांव के सरपंच के मुताबिक, वारदात स्थल के पास स्थित संदीप करियाना स्टोर पर सीसीटीवी कैमरे लगे हुए हैं। दुकान खुलने पर पुलिस सीसीटीवी फुटेज खंगालेगी, जिससे लुटेरों की कार और उनकी पहचान का सुराग मिलने की पूरी उम्मीद है। सूचना मिलते ही 112 इमरजेंसी टीम और थाना फिल्लौर के एसएचओ धर्मेंद्र सिंह पुलिस फोर्स के साथ मौके पर पहुंचे। कार नंबर से लुटेरों की तलाश में जुटी पुलिस, मेडिकल के लिए भेजा ड्राइवर
मामले की जानकारी देते हुए एसएचओ धर्मेंद्र सिंह ने बताया कि पुलिस कंट्रोल रूम की सूचना पर वह तुरंत मौके पर पहुंचे थे। शुरुआती जांच में मामला लूटपाट का ही नजर आ रहा है। घायल ड्राइवर को इलाज और मेडिकल जांच के लिए अस्पताल भेजा गया है। पीड़ितों ने पुलिस को वारदात में इस्तेमाल आई-20 कार का नंबर दे दिया है। पुलिस कार नंबर के आधार पर मालिक का पता लगाने में जुटी है। आशंका जताई जा रही है कि आरोपी वारदात के लिए चोरी की गाड़ी का इस्तेमाल कर रहे थे। एसएचओ ने दावा किया है कि जल्द ही कार ट्रेस कर आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया जाएगा और लूटी गई रकम व हथियार बरामद कर लिए जाएंगे।

​ 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *