न्यू आगरा थाना क्षेत्र में एक बार फिर फायरिंग से दहशत फैल गई। दयालबाग में मामूली विवाद में रंगबाजों ने पिस्टल से ताबड़तोड़ फायरिंग कर दी। आरोप है कि एक युवक ने पूरी मैगजीन खाली कर दी। घटना के बाद इलाके में अफरा-तफरी मच गई। सूचना पर पुलिस काफी देर बाद पहुंची, तब तक आरोपी फरार हो चुके थे। घटना शुक्रवार देर रात की है। दयालबाग रोड पर सड़क किनारे एक ढाबा है। बताया गया कि रात को चार युवक खाना खाने आए थे। खाना खाते-खाते ही उनके बीच झगड़ा हो गया। इसी दौरान एक युवक ने पिस्टल निकाल ली। नशे में धुत युवक ने फायरिंग शुरू कर दी। उसने एक के बाद एक कई राउंड फायर किए और पूरी मैगजीन खाली कर दी। वह दोबारा पिस्टल लोड करने लगा, तभी भीड़ जुटने लगी। लोगों को आता देख चारों आरोपी मौके से भाग गए। पुलिस पहुंची तो ढाबा बंद मिला
फायरिंग की सूचना पर एसीपी हरीपर्वत बजरंग प्रसाद और न्यू आगरा थाने की फोर्स मौके पर पहुंची। तब तक ढाबा संचालक दुकान बंद कर भाग चुका था। आसपास के दुकानदारों ने भी डर के कारण शटर गिरा दिए थे। पुलिस ने आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज कब्जे में ली है। फुटेज के आधार पर आरोपियों की पहचान की जा रही है। दयालबाग रोड बना रंगबाजी का अड्डा
स्थानीय लोगों का कहना है कि न्यू आगरा में फायरिंग की यह पहली घटना नहीं है। पहले भी युवकों के गुटों में मारपीट और फायरिंग हो चुकी है। 100 फुटा रोड पर अतिक्रमण है। ढाबों और दुकानों पर रात में ठेके बंद होने के बाद भी भीड़ लगती है। ओपन बार चलता है। कॉलोनी के लोग कई बार शिकायत कर चुके हैं, लेकिन थाना पुलिस कार्रवाई नहीं करती।डीसीपी सिटी सैयद अली अब्बास ने बताया कि मामले में प्राथमिकी दर्ज की जाएगी। थाना पुलिस को आरोपियों को चिह्नित करने के निर्देश दिए गए हैं।

