नेत्र रोग विशेषज्ञ के किराये के मकान में चोरी:3.30 लाख रूपए और सोने के आभूषण ले गए चोर;डॉक्टर जयपुर गया हुआ था

नेत्र रोग विशेषज्ञ के किराये के मकान में चोरी:3.30 लाख रूपए और सोने के आभूषण ले गए चोर;डॉक्टर जयपुर गया हुआ था

अलवर जिले के खेड़ली कस्बे में अज्ञात चोरों ने सरकारी डॉक्टर के किराए के मकान का ताला तोड़कर करीब 3.30 लाख रुपए नकद और सोने के आभूषण चोरी कर लिए। वारदात के दौरान मकान मालिक घर पर नहीं थे। चोरी की जानकारी शुक्रवार सुबह डॉक्टर के जयपुर से वापस लौटने पर हुई। सूचना मिलने पर खेड़ली थाना पुलिस मौके पर पहुंची और घटनास्थल का निरीक्षण किया। डॉ. दिनेश यादव खेड़ली उप जिला अस्पताल में नेत्र रोग विशेषज्ञ के पद पर कार्यरत हैं और श्याम मिष्ठान भंडार के पास किराए के मकान में रहते हैं। डॉक्टर दिनेश के अनुसार वे बुधवार रात किसी काम से जयपुर गए थे। इसी दौरान अज्ञात चोरों ने मकान के मेन गेट का ताला तोड़कर अंदर प्रवेश किया। चोरों ने कमरे में रखी अलमारी का ताला भी तोड़ा और उसमें रखी करीब 3.30 लाख रुपए की नकदी, सोने का मंगलसूत्र और कानों के कुंडल चोरी कर लिए। शुक्रवार सुबह जयपुर से वापस लौटने पर डॉ. यादव ने मकान का मेन गेट देखा तो उसका ताला टूटा हुआ था। अंदर जाने पर घर का सामान बिखरा मिला। शूटकेस खुले हुए थे और अलमारी के दरवाजे भी खुले पड़े थे। सामान की जांच करने पर नकदी और सोने के आभूषण गायब मिले। इसके बाद उन्होंने पुलिस को सूचना दी। घटना की जानकारी मिलते ही आसपास के लोग भी मौके पर पहुंच गए। पुलिस ने घटनास्थल का मौका मुआयना करने के साथ ही आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों के फुटेज खंगालने शुरू कर दिए हैं। पुलिस फुटेज के आधार पर संदिग्धों की पहचान करने और चोरों की तलाश में जुटी है। फिलहाल मामले की जांच जारी है।
(इनपुट;रोहित सिंघल)

​ 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *