विदिशा में नवनिर्मित रेलवे स्टेशन की छत से टपका पानी:45 मिनट की बारिश में प्लेटफार्म पर भरा पानी, यात्रियों को हुई परेशानी

विदिशा में नवनिर्मित रेलवे स्टेशन की छत से टपका पानी:45 मिनट की बारिश में प्लेटफार्म पर भरा पानी, यात्रियों को हुई परेशानी

विदिशा में गुरुवार-शुक्रवार की दरमियानी रात हुई तेज बारिश के दौरान नवनिर्मित रेलवे स्टेशन की छत से पानी टपकने लगा। प्लेटफार्म के टीन शेड से जगह-जगह पानी गिरने लगा और स्टेशन परिसर में पानी बहता रहा। बारिश से बचने के लिए यात्रियों को छत के नीचे रुकना भी मुश्किल हो गया। यात्रियों का कहना है कि नई इमारत में बारिश के दौरान इस तरह पानी गिरना चिंता का विषय है। उनका कहना है कि संबंधित एजेंसी को निर्माण कार्य और पानी निकासी की व्यवस्था की जांच कराकर जरूरी सुधार करना चाहिए। तीन दिन बाद अचानक बदला मौसम विदिशा में पिछले तीन दिनों से बारिश रुकी हुई थी। दिन में तेज धूप निकलने से तापमान बढ़ गया था और लोगों को दोबारा गर्मी महसूस होने लगी थी। गुरुवार रात करीब साढ़े 12 बजे अचानक मौसम बदला और तेज बारिश शुरू हो गई। करीब 45 मिनट तक हुई बारिश से सड़कों पर पानी बहने लगा और कई जगह जलभराव की स्थिति बनी। बारिश के बाद मौसम में ठंडक आ गई और लोगों को गर्मी से राहत मिली। विदिशा में 26 मिमी बारिश, जिले में अब तक 790.5 मिमी 18 सितंबर को विदिशा तहसील में 26 मिमी बारिश दर्ज की गई। इसके साथ ही 1 जनवरी 2026 से अब तक जिले में औसत 790.5 मिमी बारिश हो चुकी है। जिले की सामान्य औसत बारिश 1075 मिमी है। इस हिसाब से अब तक सामान्य से करीब 284.5 मिमी कम बारिश दर्ज हुई है। तहसीलवार आंकड़ों में लटेरी में सबसे ज्यादा 1005.8 मिमी, बासोदा में 925.4 मिमी, पठारी में 899.6 मिमी, नटेरन में 809 मिमी, ग्यारसपुर में 778 मिमी, विदिशा में 748 मिमी, शमशाबाद में 735 मिमी, सिरोंज में 714 मिमी, कुरवाई में 711 मिमी और गुलाबगंज में सबसे कम 579 मिमी बारिश दर्ज हुई है। 18 सितंबर को कहां कितनी बारिश हुई 18 सितंबर को लटेरी में 23.8 मिमी, कुरवाई में 10.4 मिमी, सिरोंज में 12 मिमी, नटेरन में 2 मिमी, शमशाबाद में 3 मिमी, बासोदा में 1.2 मिमी, गुलाबगंज में 1 मिमी और पठारी में 1 मिमी बारिश हुई। ग्यारसपुर में बारिश दर्ज नहीं हुई। पिछले साल से भी कम बारिश, बांधों पर असर पिछले साल 18 सितंबर तक जिले में 1104 मिमी बारिश दर्ज हो चुकी थी। इस साल इसी अवधि तक औसत वर्षा 790.5 मिमी है। यानी पिछले साल की तुलना में इस बार अब तक कम बारिश हुई है। कम बारिश का असर जिले के बांधों और जलस्रोतों पर भी दिखाई दे रहा है। कई बांध अभी पूरी तरह नहीं भर पाए हैं। 21 सितंबर तक बारिश का दौर मौसम विभाग के अनुसार 21 सितंबर तक प्रदेश में कहीं-कहीं बारिश, गरज-चमक और आंधी का दौर बना रह सकता है। विदिशा में भी अगले कुछ दिनों में बारिश की संभावना है। सात दिन के पूर्वानुमान के मुताबिक 18 से 21 सितंबर के बीच बारिश का दौर जारी रह सकता है, जबकि 22 सितंबर से बारिश में कमी आने की संभावना है। मध्यप्रदेश में मानसून की सक्रियता सितंबर के आखिरी सप्ताह तक बनी रहने का अनुमान है।

​ 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *