फर्रुखाबाद के शमशाबाद थाना क्षेत्र में शुक्रवार देर शाम दो बाइक आमने-सामने टकरा गईं। हादसे में दो युवक गंभीर रूप से घायल हो गए। टक्कर के दौरान एक बाइक पर साइकिल लेकर जा रहे 24 वर्षीय युवक आदेश के सीने में साइकिल के पैडल का बोल्ट घुस गया। इससे उसके सीने में गहरा छेद हो गया और उसकी हालत गंभीर हो गई। सीने में छेद के पास धड़क रहा था दिल हादसे के बाद 108 एंबुलेंस की मदद से आदेश को लोहिया अस्पताल की इमरजेंसी पहुंचाया गया। डॉक्टरों ने प्राथमिक उपचार के बाद उसकी गंभीर हालत को देखते हुए बड़े अस्पताल के लिए रेफर कर दिया। बताया गया कि जिस जगह आदेश के सीने में छेद हुआ था, वहां दिल धड़कता हुआ दिखाई दे रहा था और बार-बार ऊपर की ओर आ रहा था। गंभीर स्थिति को देखते हुए डॉक्टरों ने उसे तत्काल उच्च चिकित्सा केंद्र रेफर किया। भाई के साथ बाइक से लौट रहा था आदेश शाहजहांपुर जिले के मिर्जापुर थाना क्षेत्र के भरतपुर गांव निवासी आदेश (24) अपने भाई नन्हे के साथ फर्रुखाबाद के शमशाबाद आए थे। देर शाम दोनों साइकिल लेकर बाइक से वापस घर लौट रहे थे। वे उत्तरी गुटेटी के पास पहुंचे ही थे कि सामने से आ रही तेज रफ्तार बाइक से उनकी बाइक की टक्कर हो गई। हादसे में साइकिल का पैडल टूट गया और उसका बोल्ट आदेश के सीने में घुस गया। वह गंभीर रूप से घायल होकर सड़क पर गिर गया। दूसरे घायल का लोहिया अस्पताल में इलाज हादसे में दूसरा युवक माजिद भी घायल हुआ है। उसका इलाज लोहिया अस्पताल में चल रहा है। वहीं, आदेश की गंभीर हालत को देखते हुए उसे बड़े अस्पताल रेफर कर दिया गया है।

