बस्ती जिले के हर्रैया थाना क्षेत्र के बांसगांव में गुरुवार को सांप के डंसने से एक महिला की मौत हो गई। 32 साल की सुनिंदा अपने मवेशियों के लिए भूसा निकालने गई थीं, तभी भूसे में छिपे सांप ने उन्हें डंस लिया। इलाज के दौरान मेडिकल कॉलेज में उनकी मौत हो गई। गुरुवार दोपहर करीब 3 बजे सुनिंदा अपने भुसैले में भूसा निकालने गई थीं। इसी दौरान भूसे में छिपे एक सांप ने उन्हें डंस लिया। सांप के डंसने के बाद महिला की हालत बिगड़ने लगी। परिजनों को घटना की जानकारी हुई तो उन्होंने तुरंत एंबुलेंस बुलाई। एंबुलेंस की मदद से सुनिंदा को प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र हर्रैया पहुंचाया गया। प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र पर डॉक्टरों ने महिला का इलाज किया। हालत गंभीर होने पर उन्हें बेहतर इलाज के लिए महर्षि वशिष्ठ मेडिकल कॉलेज, बस्ती रेफर कर दिया गया। परिजन उन्हें मेडिकल कॉलेज ले गए, जहां डॉक्टरों ने इलाज शुरू किया। महिला की हालत गंभीर बनी हुई थी। देर रात इलाज के दौरान उनकी मौत हो गई। सुनिंदा अपने पीछे एक बेटा और दो बेटियों समेत तीन छोटे बच्चे छोड़ गई हैं। परिवार में मातम छा गया है। इस घटना के बाद बांसगांव में भी शोक का माहौल है। ग्रामीणों ने परिवार के प्रति सांत्वना जताई है।

