कौशांबी में बहुजन क्रांति मिशन टीम 8515 उत्तर प्रदेश के तत्वावधान में मंगलवर को मंझनपुर विधानसभा क्षेत्र के ग्राम सभा आधवा में विशाल निशुल्क नेत्र परीक्षण शिविर का आयोजन किया गया। शिविर में बड़ी संख्या में ग्रामीणों ने अपनी आंखों की जांच कराई। कार्यक्रम के दौरान ग्रामीणों को नेत्र स्वास्थ्य के प्रति जागरूक भी किया गया। शिविर में सैकड़ों ग्रामीणों की नेत्र जांच की गई। जांच के दौरान जरूरतमंद करीब 40 से 50 लोगों को निशुल्क चश्मे वितरित किए गए। वहीं, गंभीर अथवा विशेष उपचार की आवश्यकता वाले 15 मरीजों को बेहतर इलाज के लिए चित्रकूट अस्पताल रेफर किया गया। निशुल्क नेत्र परीक्षण शिविर को लेकर ग्रामीणों में खास उत्साह देखने को मिला। ग्रामीणों ने इस पहल की सराहना करते हुए कहा कि ऐसे स्वास्थ्य शिविर ग्रामीण क्षेत्रों में रहने वाले जरूरतमंद लोगों के लिए काफी उपयोगी साबित होते हैं। आर्थिक रूप से कमजोर लोगों को घर के नजदीक ही जांच और उपचार संबंधी सुविधा मिलने से उन्हें काफी राहत मिलती है। कार्यक्रम में मनीष कोरी, संस्थापक एवं संरक्षक, बहुजन क्रांति मिशन टीम 8515 के एडवोकेट राजबली राष्ट्रीय प्रवक्ता, तथा प्रसंग कोरी अंबेडकरवादी, प्रदेश अध्यक्ष एवं संयोजक, बहुजन क्रांति मिशन टीम 8515 उत्तर प्रदेश की प्रमुख भूमिका रही। इस अवसर पर ग्राम सभा के सहयोगी राजेंद्र जाटव, हरिओम जाटव, विकास गौतम, नागेंद्र जाटव, गोलू गौतम, अनिल जाटव, दीपक कोरी, गुड्डू गौतम समेत संगठन के अन्य साथी एवं ग्रामीण मौजूद रहे। कार्यक्रम के दौरान आयोजकों ने मानव सेवा को सर्वोपरि बताते हुए कहा कि “मानव सेवा ही सबसे बड़ा धर्म है।” इसी भावना के साथ भविष्य में भी जरूरतमंद लोगों के लिए स्वास्थ्य एवं जनसेवा से जुड़े कार्यक्रम आयोजित करने की बात की गई।

