कानपुर के रेलबाजार इलाके में एक निजी अस्पताल में मरीज की मौत के बाद मंगलवार को परिजनों ने हंगामा किया। परिजनों ने इलाज में लापरवाही और वेंटिलेटर पर रखकर रुपये वसूलने का आरोप लगाया। सूचना पर पहुंची पुलिस ने लोगों को समझाकर शांत कराया। शाम 6:30 बजे शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया। बाबूपुरवा निवासी 63 वर्षीय विजय को न्यूरो संबंधी बीमारी थी। उनके बेटे अजय ने बताया कि उन्होंने अपने पिता को 31 अगस्त को पास के निजी अस्पताल में भर्ती कराया था। अजय के मुताबिक, मंगलवार दोपहर डॉक्टरों ने उन्हें दूसरे अस्पताल ले जाने को कहा। परिजनों का आरोप है कि अस्पताल ने इलाज में लापरवाही बरती और दो दिन तक वेंटिलेटर पर रखकर इलाज के नाम पर पैसे लिए। मौत के बाद परिजनों ने किया विरोध मरीज की मौत के बाद परिजनों ने अस्पताल प्रबंधन पर गंभीर आरोप लगाते हुए विरोध शुरू कर दिया। हंगामे से अस्पताल में काफी देर तक माहौल तनावपूर्ण रहा। रेलबाजार पुलिस ने मौके पर पहुंचकर परिजनों को समझाया और शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। पुलिस बोली- शिकायत मिलने पर होगी कार्रवाई थाना प्रभारी अमान सिंह ने बताया कि हंगामे की सूचना पर पुलिस पहुंची थी। लोगों को समझाकर शांत किया गया है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट से मौत की वजह साफ होगी। उन्होंने कहा कि शिकायत मिलने पर नियमों के हिसाब से कार्रवाई की जाएगी।

