राम मंदिर परिसर में सुरक्षा दीवार की रफ्तार सुस्त:चार किमी की आयताकार सुरक्षा दीवार में अब तक करीब एक किमी निर्माण पूरा, अतिरिक्त भूमि की जरूरत

राम मंदिर परिसर में सुरक्षा दीवार की रफ्तार सुस्त:चार किमी की आयताकार सुरक्षा दीवार में अब तक करीब एक किमी निर्माण पूरा, अतिरिक्त भूमि की जरूरत

अयोध्या में राम जन्मभूमि परिसर में चार किलोमीटर लंबी आयताकार सुरक्षा दीवार के निर्माण की गति अपेक्षित रफ्तार नहीं पकड़ पा रही है। निर्माण कार्य में सबसे बड़ी चुनौती अतिरिक्त भूमि की उपलब्धता बनी हुई है। दीवार को आयताकार स्वरूप में तैयार किया जाना है, जिसके लिए परिसर के किनारे अतिरिक्त जमीन की आवश्यकता बताई गई है। यह जमीन उपलब्ध कराने और खरीद की प्रक्रिया श्रीराम जन्मभूमि तीर्थ क्षेत्र ट्रस्ट को करनी है। अब तक करीब एक किलोमीटर दीवार का निर्माण पूरा हो पाया है। वहीं मंगलवार यानी आज तीसरे दिन की बैठक होगी, इसमें रामकथा संग्रहालय में समिति की बैठक होगी। इसमें राम मंदिर के नए CEO एयर मार्शल जितेंद्र मिश्र पहली बार शामिल होंगे। जितेंद्र मिश्र फिलहाल अवकाश पर हैं और 15 सितंबर को नई दिल्ली से आज अयोध्या लौटेंगे। इसी दिन उनकी निर्माण समिति के चेयरमैन नृपेन्द्र मिश्र से पहली औपचारिक मुलाकात होगी। निर्माण समिति के अध्यक्ष नृपेंद्र मिश्र की अध्यक्षता में सोमवार को हुई बैठक के दूसरे दिन सुरक्षा दीवार समेत परिसर में चल रहे विभिन्न निर्माण कार्यों की समीक्षा की गई। बैठक में इंजीनियर्स इंडिया लिमिटेड और उत्तर प्रदेश राजकीय निर्माण निगम के अधिकारी व अभियंता मौजूद रहे। कई घंटे चली बैठक में सुरक्षा दीवार, ऑडिटोरियम, संत निवास और ट्रस्ट कार्यालय के निर्माण की प्रगति और गुणवत्ता की जानकारी ली गई। बैरिकेडिंग और कंटीले तार से भी निर्माण प्रभावित निर्माण एजेंसी के अधिकारियों ने बताया कि परिसर के किनारे पहले से लोहे की बैरिकेडिंग और कंटीले तार लगे हैं। इसके अलावा कई स्थानों पर जमीन समतल नहीं है। ऐसे में निर्माण सामग्री पहुंचाने और दीवार का काम व्यवस्थित तरीके से करने में समय लग रहा है। इंजीनियरों ने अतिरिक्त जमीन की उपलब्धता को भी जरूरी बताया। चार किलोमीटर लंबी सुरक्षा दीवार में आधुनिक सुरक्षा उपकरण लगाए जाने की भी योजना है। ऐसे में समिति की प्राथमिकता दीवार के निर्माण को गति देने की है। बैठक में इस मुद्दे पर विस्तार से चर्चा हुई और ट्रस्ट के नए पदाधिकारियों से भी जमीन उपलब्धता को लेकर बातचीत की गई। अन्य निर्माण कार्य करीब 70% पूरे राम जन्मभूमि परिसर में चल रहे अन्य प्रमुख निर्माण कार्यों की स्थिति अपेक्षाकृत बेहतर बताई गई। इनका करीब 70 प्रतिशत काम पूरा होने की जानकारी बैठक में दी गई। समिति ने अधिकारियों से निर्माण की गुणवत्ता बनाए रखने के साथ निर्धारित समयसीमा में काम पूरा करने के निर्देश दिए। दो महीने में पूरा होगा जगतगुरु प्रवेश द्वार गेट नंबर तीन पर बन रहा जगतगुरु मध्वाचार्य प्रवेश द्वार लगभग दो महीने में पूरी तरह तैयार होने की उम्मीद है। बैठक में अधिकारियों ने बताया कि द्वार का मुख्य ढांचा लगभग तैयार हो चुका है। अब पत्थरों की घिसाई और फिनिशिंग का काम तेजी से चल रहा है। अन्य प्रवेश द्वारों की तरह इसे भी भव्य और आकर्षक स्वरूप दिया जा रहा है। निर्माण समिति की बैठक में सुरक्षा व्यवस्था को मजबूत करने के साथ सभी निर्माण कार्यों की गुणवत्ता और प्रगति पर नजर रखने को लेकर भी अधिकारियों से जानकारी ली गई। सुरक्षा दीवार के लिए जमीन की उपलब्धता को अब प्राथमिकता के आधार पर आगे बढ़ाने की तैयारी है।

​ 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *