‘नेहा कक्कड़ से बेहतर गाया’, सोनू निगम ने मेल-फीमेल दोनों आवाजों में गाया गाना, लोगों ने दिए रिएक्शन

‘नेहा कक्कड़ से बेहतर गाया’, सोनू निगम ने मेल-फीमेल दोनों आवाजों में गाया गाना, लोगों ने दिए रिएक्शन

Sonu Nigam Concert: हिंदी सिनेमा में ऐसे बहुत कम गायक हैं जो अपनी आवाज से अलग-अलग तरह के किरदारों को जीवंत कर सकें। सोनू निगम को भी इंडस्ट्री के सबसे प्रयोगधर्मी और वर्सटाइल गायकों में गिना जाता है। अब अमेरिका में हुए उनके एक लाइव कॉन्सर्ट का वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है। इस वीडियो में सोनू निगम एक ही गाने को पुरुष और महिला दोनों आवाज के अंदाज में गाते नजर आ रहे हैं। उनकी आवाज में किया गया ये बदलाव सुनकर वहां मौजूद दर्शक भी हैरान रह गए।

अमेरिका के कॉन्सर्ट में दिखा सोनू का अनोखा अंदाज

सोनू निगम इन दिनों ‘द रिवॉल्यूशन- सोनू निगम लाइव’ कॉन्सर्ट टूर पर हैं। 13 सितंबर 2026 को उन्होंने न्यूयॉर्क के नासाउ वेटरन्स मेमोरियल कोलिजियम में प्रस्तुति दी। यह कार्यक्रम पूरी तरह भरा हुआ था। इसी कार्यक्रम का एक वीडियो सामने आया है, जिसमें सोनू निगम शाहरुख खान की फिल्म ‘डॉन’ का लोकप्रिय गाना ‘आज की रात’ गाते दिखाई दे रहे हैं।

खास बात यह रही कि सोनू ने सिर्फ पुरुष हिस्से को अपनी आवाज नहीं दी, बल्कि गाने में आने वाले महिला हिस्से को भी अलग अंदाज और आवाज में प्रस्तुत किया। उन्होंने इस तरह आवाज में बदलाव किया कि दर्शकों को कुछ पल के लिए ऐसा लगा जैसे मंच पर महिला गायिका भी मौजूद हो।

‘आज की रात’ में तीन गायकों की आवाज

फिल्म ‘डॉन’ साल 2006 में रिलीज हुई थी। इसमें शाहरुख खान के साथ प्रियंका चोपड़ा, अर्जुन रामपाल, ईशा कोप्पिकर और बोमन ईरानी जैसे कलाकार नजर आए थे। ‘आज की रात’ गाने को सोनू निगम, अलीशा चिनॉय और महालक्ष्मी अय्यर ने अपनी आवाज दी थी।

इस गाने के बोल जावेद अख्तर ने लिखे थे और संगीत शंकर-एहसान-लॉय की तिकड़ी ने तैयार किया था। लाइव शो में सोनू ने महिला गायिकाओं के हिस्से को भी खुद निभाकर अपनी गायकी की रेंज का अलग उदाहरण पेश किया।

सोशल मीडिया पर लोगों ने की तारीफ

वीडियो सामने आने के बाद सोशल मीडिया यूजर्स सोनू निगम की जमकर तारीफ कर रहे हैं। कई लोगों ने उन्हें महान गायक बताया, जबकि कुछ ने उनकी महिला आवाज की नकल को भी शानदार कहा। एक यूजर ने मजाकिया अंदाज में उनकी महिला आवाज की तुलना नेहा कक्कड़ से कर दी। वहीं एक अन्य शख्स ने कहा कि कुछ हिस्सों में सोनू की आवाज सुनिधि चौहान जैसी लग रही थी।

Sonu Nigam Concert
सोनू के वीडियो पर फैंस के कमेंट

एक गाने में दी थीं 54 अलग आवाजें

सोनू निगम के लिए आवाज के साथ इस तरह के प्रयोग नए नहीं हैं। साल 2010 की फिल्म ‘तीस मार खान’ के टाइटल ट्रैक को लेकर वह पहले बता चुके हैं कि उन्होंने इसमें अपनी आवाज के 54 अलग-अलग रूप इस्तेमाल किए थे।

सोनू ने बताया था कि शुरुआत में उन्होंने गाने के कई अलग संस्करण रिकॉर्ड किए थे। बाद में इन रिकॉर्डिंग्स को मिलाकर एक नया प्रयोग किया गया। इस गाने में सोनू की आवाज ही अलग-अलग जगहों पर अलग सुनाई देती है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *