गोविंदा ने गणेश चतुर्थी पर मांगा बेटी टीना के लिए अच्छा वर, बेटे यशवर्धन को लेकर कही दिल की बात

गोविंदा ने गणेश चतुर्थी पर मांगा बेटी टीना के लिए अच्छा वर, बेटे यशवर्धन को लेकर कही दिल की बात

Govinda joins family for Ganesh Chaturthi celebrations: बॉलीवुड अभिनेता गोविंदा (Govinda) और उनकी पत्नी सुनीता आहूजा (Sunita Ahuja) इन दिनों अपने वैवाहिक जीवन में अनबन की खबरों को लेकर लगातार सुर्खियों में बने हुए हैं। इसी बीच गणेश चतुर्थी 2026 के मौके पर सुनीता आहूजा अकेले गणपति बप्पा को घर लाईं थीं। जिसके बाद अमेरिका में मौजूद गोविंदा गणेश चतुर्थी मनाने के लिए देर रात खास तौर से मुंबई वापस लौट आए और सीधे सुनीता आहूजा के घर पहुंच गए। वहां उन्होंने बेटी टीना और बेटे यशवर्धन के साथ पूजा की। जिसमें सुनीता आहूजा नजर नहीं आईं।

गोविंदा ने बप्पा से मांगा बेटी टीना के अच्छा वर

इस पूरे पारिवारिक पूजनोत्सव से उनकी पत्नी सुनीता आहूजा पूरी तरह नदारद रहीं। दिलचस्प बात यह है कि सोमवार को जब गोविंदा भारत में नहीं थे, तब सुनीता ने अपने बच्चों टीना और यशवर्धन के साथ गणेश चतुर्थी मनाई थी और पैपराजी को बताया था कि गोविंदा विदेश में होने के कारण शामिल नहीं हो पाए हैं। लेकिन अब गोविंदा के मुंबई लौटने के बाद भी सुनीता का पूजा में शामिल न होना कई बड़े सवाल खड़े कर रहा है। 

गोविंदा ने इस दौरान ANI संग खास बातचीत की। उन्होंने अपने परिवार को लेकर भी बयान दिया। गोविंदा ने कहा, “हमारे घर में गणपति पूजन की यह परंपरा मुझे अपनी स्वर्गीय मां से विरासत में मिली है और हम सालों से इसे पूरी भक्ति के साथ निभा रहे हैं। मुझे खुशी है कि अब मेरा बेटा यशवर्धन भी इस पारिवारिक परंपरा को आगे बढ़ा रहा है।”

गोविंदा ने बेटे यशवर्धन को लेकर भी दिया बयान

बातचीत के दौरान गोविंदा ने बेटे यशवर्धन के उज्ज्वल भविष्य और करियर के लिए प्रार्थना की और बेटी टीना पर अपना ढेर सारा आशीर्वाद लुटाया। उन्होंने कहा कि बप्पा से यही कामना है कि टीना को एक अच्छा वर मिल जाए और हमेशा रिद्धि-सिद्धि की कृपा रहे।

गोविंदा ने आगे बेटे यशवर्धन को लेकर कहा, “यश जो घर की धरोहर को लेकर आगे निकला है वो और कामयाब हो, ऐसा नाम कमाए कि लोग कहें ये गोविंदा से ज्यादा अच्छा है तो हमें अच्छा लगेगा। तब हम सोचेंगे कि जो हमने भगवान से प्रार्थना की थी वो सफल हो गई।”

गोविंदा ने नहीं लिया पत्नी सुनीता का नाम

परिवार और गणेशोत्सव की परंपरा पर बात करते हुए अभिनेता ने अपनी पत्नी सुनीता का एक बार भी जिक्र नहीं किया, जिसने प्रशंसकों का ध्यान आकर्षित किया है। बता दें, अपनी निजी जिंदगी को लेकर उड़ रही अफवाहों और फर्जी खबरों से गोविंदा काफी नाराज हैं। उन्होंने उनके निजी जीवन के बारे में झूठी खबरें फैलाने और एआई-जनरेटेड (AI-generated) भ्रामक कंटेंट बनाने वालों के खिलाफ कड़ा रुख अपनाया है। अभिनेता ने ऐसे तत्वों के खिलाफ 100 करोड़ रुपये का मानहानि का कानूनी नोटिस जारी करते हुए सख्त कानूनी कार्रवाई की चेतावनी दी है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *