हाथरस के सादाबाद कोतवाली में एक शिक्षिका ने मुकदमा दर्ज कराया है। कस्बा सादाबाद की रहने वाली शिक्षिका का आरोप है कि उनकी निजी तस्वीरें गैरकानूनी तरीके से हासिल कर उन्हें ब्लैकमेल किया जा रहा है। इस मामले में एक वकील और उसके बेटे के खिलाफ केस दर्ज हुआ है। शिक्षिका ने पुलिस को बताया कि एक वकील ने सोशल मीडिया ग्रुप पर पोस्ट किया था। पोस्ट में लिखा था कि सादाबाद की एक महिला शिक्षिका ने उसके बेटे के मोबाइल पर अश्लील तस्वीरें भेजी हैं। ये तस्वीरें कोर्ट में जमा की जा चुकी हैं और छात्रों के भविष्य को देखते हुए मुख्यमंत्री और शिक्षा विभाग को सख्त कार्रवाई के लिए भेजी जाएंगी। शिक्षिका ने बताया कि वह भी उस ग्रुप से जुड़ी थीं, जहां यह पोस्ट की गई थीं। उन्होंने कोर्ट से उन तस्वीरों की प्रमाणित कॉपी निकलवाई। तब उन्हें पता चला कि वे तस्वीरें उनके घर के बाथरूम की थीं। पुलिस कर रही मामले में जांच पड़ताल शिक्षिका का आरोप है कि आरोपियों ने आपराधिक साजिश के तहत ये तस्वीरें उनकी अनुमति के बिना हासिल कीं। उनका मकसद शिक्षिका को ब्लैकमेल करना, पहले से दर्ज मुकदमों में समझौता करने या उन्हें वापस लेने के लिए मजबूर करना और उनसे पैसे ऐंठना था। इस गैरकानूनी हरकत से शिक्षिका के निजता के अधिकार का खुला उल्लंघन हुआ है। उनकी सामाजिक छवि खराब हुई है और उन्हें सदमा पहुंचा। शिक्षिका ने बताया कि इस गैरकानूनी काम में पिता और पुत्र दोनों शामिल हैं। यह मुकदमा एक वकील और उसके बेटे के खिलाफ दर्ज किया गया है। पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

