भारतीय जनता पार्टी के राष्ट्रीय महामंत्री संगठन बीएल संतोष कानपुर के दो दिवसीय दौरे पर हैं। शनिवार शाम 7 बजे सिविल लाइंस स्थित लैंडमार्क पहुंचे। उन्होंने जनप्रतिनिधियों के साथ बैठक शुरू कर दी। इससे पहले मीडिया को दो दिवसीय इस दौरे के दौरान होने वाले कार्यक्रमों की जानकारी देने के लिए प्रदेश महामंत्री और राज्यसभा सांसद गीता शाक्य व कानपुर-बुंदेलखंड के क्षेत्रीय अध्यक्ष राम किशोर साहू ने प्रेसवार्ता की। प्रेसवार्ता के दौरान गीता शाक्य ने सरकार के विकास कार्यों पर चर्चा की। इसके बाद उन्होंने सवालों के जवाब दिए। उन्होंने कहा कि जिस तरह से सपा कार्यालय में एआई वीडियो का इस्तेमाल कर सीएम को दिखाया गया, यह गलत है। भारतीय जनता पार्टी के ऐसे संस्कार नहीं हैं। कभी भी बीजेपी के पेज से किसी भी मुख्यमंत्री या किसी पूर्व मुख्यमंत्री के लिए इस तरह से एआई वीडियो पोस्ट नहीं किया गया। बीजेपी के लिए सबसे पहले नेशन है, इसके बाद पार्टी है। पार्टी का कोई कार्यकर्ता इस तरह के वीडियो नहीं पोस्ट करता है। अब चुनाव आ गया है, तो अखिलेश भी सुबह उठते ही कुछ न कुछ उल्टा-सीधा सोशल मीडिया पर पोस्ट कर देते हैं। लेकिन हमारी पार्टी का कार्यकर्ता क्या, मंत्री भी इस तरह से पोस्ट नहीं करता है। सबसे बड़ी उपलब्धि और काम हमारा विकास करना है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के जन्मदिन 17 सितंबर से 17 अक्टूबर तक भाजपा ‘सेवा संकल्प अभियान की जानकारी भी दी प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के जन्मदिन 17 सितंबर से 17 अक्टूबर तक भाजपा ‘सेवा संकल्प अभियान जनसेवा ही प्रभु सेवा’ चलाएगी। एक महीने तक चलने वाले इस अभियान के जरिए सेवा, समर्पण, सुशासन और अंत्योदय का संदेश समाज के हर वर्ग तक पहुंचाया जाएगा। भाजपा प्रदेश महामंत्री एवं राज्यसभा सदस्य गीता शाक्य और कानपुर-बुंदेलखंड क्षेत्र के अध्यक्ष राम किशोर साहू ने शनिवार को प्रेसवार्ता में अभियान की जानकारी दी। उन्होंने बताया कि इस दौरान प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के सार्वजनिक जीवन और 25 वर्षों के सेवा-समर्पण को भी लोगों के बीच पहुंचाया जाएगा।
सेवा को शासन की संस्कृति का हिस्सा बनाया गीता शाक्य और राम किशोर साहू ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने अपने कृतित्व और आचरण से ‘सेवा’ के मूल भाव को जन-जन तक पहुंचाया है। उन्होंने सेवा को शासन की संस्कृति का हिस्सा बनाया है। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री के सार्वजनिक जीवन का मूल उद्देश्य अंत्योदय, राष्ट्र प्रथम और सुशासन रहा है। इन विचारों के संस्कार उन्हें भाजपा के महान विचार पुरुषों पंडित दीनदयाल उपाध्याय, डॉ. श्यामा प्रसाद मुखर्जी और पूर्व प्रधानमंत्री अटल बिहारी बाजपेई से मिले। भाजपा नेताओं ने कहा कि गरीब, वंचित, किसान, महिला, युवा और समाज के अंतिम पायदान पर खड़े व्यक्ति के जीवन में बदलाव लाना प्रधानमंत्री की प्राथमिकता रही है। इसी सेवा भाव को संगठन और समाज के बीच और प्रभावी ढंग से पहुंचाने के लिए पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नबीन के निर्देश पर यह अभियान चलाया जा रहा है। 13 कार्यक्रमों के जरिए पहुंचेगा सेवा का संदेश अभियान के दौरान 13 सेवा और जनसंपर्क आधारित कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। इनके जरिए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के जीवन, सेवा कार्यों, विकसित भारत के संकल्प और राष्ट्र निर्माण में नागरिकों की भूमिका का संदेश लोगों तक पहुंचाया जाएगा। अभियान के प्रमुख कार्यक्रमों में शामिल हैं। – आशीर्वाद का दीया
– मेरे सपनों का भारत
– नमो सेवा अनकही कहानियां
– आंगन मिलन सेवा
– सेवा की कहानी
– 25 वर्ष 25 कहानियां
– सेवा ज्योति कलश यात्रा
– विकसित भारत का संकल्प
– वडनगर-वाराणसी सेवा यात्रा
– सेवा मेरा योगदान
– सेवा सेतु अभियान
– सेवा के रंग राष्ट्र के संग
– अन्य सेवा आधारित कार्यक्रम बूथ से जिला स्तर तक चलेगा अभियान क्षेत्रीय अध्यक्ष राम किशोर साहू ने कहा कि कानपुर-बुंदेलखंड क्षेत्र के सभी जिलों में बूथ से लेकर जिला स्तर तक संगठन की इकाइयों के माध्यम से अभियान चलाया जाएगा। कार्यकर्ता समाज के विभिन्न वर्गों के बीच पहुंचकर सेवा कार्यों में सहभागी बनेंगे। उन्होंने कहा कि अभियान का उद्देश्य सिर्फ कार्यक्रम आयोजित करना नहीं, बल्कि सेवा को सामाजिक आंदोलन और जनभागीदारी का माध्यम बनाना है।

