बारां में वोटिंग के बाद BJP प्रत्याशी गायब, पति समेत अपहरण की आशंका; मां ने दर्ज कराया मामला

बारां में वोटिंग के बाद BJP प्रत्याशी गायब, पति समेत अपहरण की आशंका; मां ने दर्ज कराया मामला

Baran BJP Candidate Missing: बारां नगर परिषद चुनाव में मतदान खत्म होने के कुछ घंटे बाद ही वार्ड-16 की बीजेपी प्रत्याशी अंतिमा यादव और उनके पति संजय यादव के अचानक लापता होने का मामला सामने आया है। दोनों के लापता होने के बाद परिजनों ने अज्ञात लोगों पर अपहरण का आरोप लगाते हुए गुरुवार को कोतवाली थाने में मामला दर्ज कराया है। पुलिस ने रिपोर्ट दर्ज कर मामले की जांच शुरू कर दी है।

बता दें कि वार्ड-16 एसी महिला के लिए आरक्षित है। परिजनों के अनुसार, अंतिमा यादव और उनके पति संजय यादव बुधवार को मतदान के लिए घर से निकले थे। मतदान के बाद दोनों घर वापस नहीं लौटे। काफी देर तक दोनों के वापस नहीं आने पर परिजनों ने उनकी तलाश शुरू की और आसपास के लोगों से पूछताछ की।

मतदान के बाद दोनों को अपने साथ ले जाने की जानकारी

पुलिस के अनुसार, अंतिमा यादव की सास अंगुरी बाई ने कोतवाली थाने में रिपोर्ट दर्ज कराई है। रिपोर्ट में बताया गया कि बुधवार को उनकी बहू अंतिमा यादव और बेटा संजय यादव आंबेडकर भवन स्थित मतदान केंद्र पर मतदान करने गए थे। मतदान के बाद दोनों के घर नहीं लौटने पर परिवार के लोगों ने उनकी तलाश शुरू की।

रिपोर्ट के मुताबिक, तलाश और पूछताछ के दौरान कुछ लोगों से जानकारी मिली कि बुधवार शाम कुछ अज्ञात लोग अंतिमा यादव और संजय यादव को अपने साथ ले गए। इसके बाद परिजन कोतवाली थाने पहुंचे और पुलिस को पूरे मामले की जानकारी दी।

पुलिस ने अज्ञात जनों के खिलाफ अपहरण का मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। पुलिस अब दोनों के लापता होने और उन्हें कथित तौर पर अपने साथ ले जाने वाले लोगों के संबंध में जानकारी जुटा रही है।

प्रत्याशी की मां भी थाने पहुंचीं

मामला दर्ज कराने के दौरान अंतिमा यादव की मां कृष्णा बाई भी कोतवाली थाने पहुंचीं। बेटी और दामाद के अचानक लापता होने के बाद परिवार में चिंता का माहौल है। उधर, मतदान खत्म होने के ठीक बाद भाजपा प्रत्याशी और उनके पति के लापता होने की घटना से चुनावी माहौल में भी हलचल बढ़ गई है। पुलिस मामले की जांच में जुटी है।

​ 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *