Rohit Sharma Fitness 2011 Four Pack Abs: भारतीय क्रिकेट में रोहित शर्मा का नाम आज किसी पहचान का मोहताज नहीं है। उन्होंने बल्लेबाजी से लेकर कप्तानी तक अपनी अलग छाप छोड़ी है। लेकिन एक समय ऐसा भी था, जब उनकी फिटनेस को लेकर सवाल उठते थे। साल 2011 में रोहित को वनडे वर्ल्ड कप की टीम में जगह नहीं मिली थी। यह उनके लिए बड़ा झटका था। इसी झटके ने उनकी सोच बदल दी। उन्होंने खुद को फिट बनाने का फैसला किया। कुछ ही हफ्तों में उन्होंने जबरदस्त ट्रांसफॉर्मेशन किया।
वर्ल्ड कप टीम में नहीं मिली जगह
2011 का वर्ल्ड कप भारत के लिए बेहद खास था। टीम इंडिया ने घरेलू मैदान पर खिताब जीता था। लेकिन रोहित शर्मा उस टीम का हिस्सा नहीं थे। टीम में चयन की उम्मीद उन्हें भी थी। नाम नहीं आने से वह काफी निराश हुए।
भारत के पूर्व कोच अभिषेक नायर उन दिनों रोहित के करीबी थे। उन्होंने ‘द कपिल शर्मा शो’ में बताया कि दोनों के बीच फिटनेस को लेकर अक्सर बहस होती थी। नायर जिम और ट्रेनिंग पर जोर देते थे। वहीं रोहित का मानना था कि बल्लेबाजी की स्किल सबसे ज्यादा जरूरी है। रोहित अक्सर कहते थे कि वह रन बनाकर अपनी जगह बनाएंगे।
एक तस्वीर ने बदल दी रोहित की सोच
उन्होंने आगे बताया कि रोहित की सोच बदलने में एक तस्वीर ने बड़ी भूमिका निभाई। एक न्यूज चैनल ने उनके पेट की तस्वीर दिखाई थी। तस्वीर में उनके पेट पर गोला बनाकर उनकी फिटनेस को लेकर सवाल उठाया गया था। यह तस्वीर रोहित के दिमाग में बैठ गई। उन्हें महसूस हुआ कि अब फिटनेस पर गंभीरता से काम करने का समय आ गया है।
वर्ल्ड कप टीम के ऐलान के बाद रोहित और नायर घर पर थे। रोहित को उम्मीद थी कि उनका चयन होगा। लेकिन ऐसा नहीं हुआ। इसके बाद उन्होंने अगले छह हफ्तों को अपने लिए चुनौती बना लिया। रोहित ने नायर से कहा कि IPL शुरू होने तक उन्हें अपना शरीर बदलना है। उनका लक्ष्य साफ था। वह मैदान पर फोर-पैक एब्स के साथ उतरना चाहते थे।
छह हफ्तों में दिखा बड़ा बदलाव
अभिषेक नायर के मुताबिक रोहित ने इसके बाद अपनी फिटनेस पर जमकर काम किया। उन्होंने ट्रेनिंग और डाइट पर ध्यान दिया। नतीजा भी जल्द दिखाई देने लगा। नायर ने कहा कि कुछ लोग सच में नहीं मानेंगे। लेकिन ये सच है- रोहित IPL 2011 में फोर-पैक एब्स के साथ उतरे थे। उसने डेढ़ महीने में कर दिखाया। यह उनके लिए सिर्फ शरीर बदलने की बात नहीं थी। यह मानसिक बदलाव भी था। रोहित के अंदर स्किल पहले से मौजूद थी। जरूरत थी उसे बेहतर फिटनेस के साथ इस्तेमाल करने की। आगे चलकर यही बदलाव उनके करियर में काफी अहम साबित हुआ। बता दें आज रोहित शर्मा भारत के सबसे सफल व्हाइट-बॉल खिलाड़ियों में गिने जाते हैं। उन्होंने भारत को 2024 टी20 वर्ल्ड कप और 2025 चैंपियंस ट्रॉफी जिताने में अहम भूमिका निभाई।



| Rohit Sharma sheds 20 kg ahead of the 2027 World Cup! 



…
(Team45 Ro).