IND vs AFG 1st T20I: तय समय पर होगा भारत-अफगानिस्तान के बीच पहला मुकाबला, DDCA ने की पुष्टि

IND vs AFG 1st T20I: तय समय पर होगा भारत-अफगानिस्तान के बीच पहला मुकाबला, DDCA ने की पुष्टि

India vs Afghanistan: भारत-अफगानिस्तान के बीच पहला T20I मुकाबला 13 सितंबर को अरुण जेटली स्टेडियम में तय कार्यक्रम के अनुसार ही खेला जाएगा। दिल्ली ट्रैफिक पुलिस के साथ बैठक के बाद DDCA को जरूरी सुरक्षा और अन्य व्यवस्थाओं के लिए पूरा सहयोग मिलने का आश्वासन दिया गया है। मैच स्थगित नहीं होगा। इसकी जानकारी दिल्ली एंड जिला क्रिकेट एसोसिएशन (DDCA) ने सोशल मीडिया ‘एक्स’ पर दी है।

इससे पहले खबर आई थी कि ब्रिक्स देशों के सम्मेलन की वजह से भारत-अफगानिस्तान के बीच पहला टी-20 मुकाबले की तारीख में बदलाव हो सकता है। खबर थी कि दिल्ली पुलिस सुरक्षा मुहैया करने में असमर्थ है। हालांकि दिल्ली एंड जिला क्रिकेट एसोसिएशन (DDCA) ने आधिकारिक तौर पर जानकारी दी है कि मुकाबला तय समय पर होगा।

भारत और अफगानिस्तान के बीच तीन मैचों की T20 सीरीज खेली जानी है। इस सीरीज की मेजबानी भारत नहीं, बल्कि अफगानिस्तान करेगा। हालांकि, सीरीज के सभी मुकाबले दिल्ली के अरुण जेटली स्टेडियम में आयोजित किए जाएंगे। सीरीज का पहला मुकाबला 13 सितंबर को खेला जाएगा। इसके बाद दूसरा T20I 15 सितंबर और तीसरा मैच 17 सितंबर को होगा। तीनों मुकाबले शाम 7:30 बजे से शुरू होंग।

भारत मंडपम से करीब 5 किलोमीटर की दूरी पर है स्टेडियम

दिल्ली में 11 से 13 सितंबर तक BRICS समिट का आयोजन किया जाएगा। सम्मेलन का मुख्य कार्यक्रम भारत मंडपम में होगा, जो अरुण जेटली स्टेडियम से लगभग 5 किलोमीटर की दूरी पर स्थित है। दोनों स्थान महात्मा गांधी रोड के जरिए जुड़े हुए हैं।

समिट के दौरान VVIP आवाजाही को देखते हुए मध्य दिल्ली में सुरक्षा व्यवस्था कड़ी रहेगी। इसके चलते कई मार्गों पर ट्रैफिक प्रतिबंध लगाए जाने और कुछ रास्तों को डायवर्ट किए जाने की संभावना है। प्रशासन की ओर से लोगों की आवाजाही को लेकर एडवाइजरी भी जारी की गई है। BRICS समिट के मद्देनजर स्कूलों और सरकारी कार्यालयों को भी बंद रखने का फैसला किया गया है।

बता दें कि दिल्ली में 18वें BRICS शिखर सम्मेलन की मेजबानी के लिए भारत पूरी तरह तैयार है। भारत मंडपम में आयोजित होने वाले इस सम्मेलन में BRICS के सदस्य देशों के राष्ट्राध्यक्षों के अलावा साझेदार और आमंत्रित देशों के शीर्ष नेता भी हिस्सा लेंगे। भारत ने 1 जनवरी 2026 से BRICS की अध्यक्षता संभाली थी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *