घाटमपुर में मकान गिरने से पिता-3 बेटियों की मौत:विधायक सरोज कुरील मौके पर पहुंचीं, बीडीओ को सामान निकालने और मदद के निर्देश दिए

घाटमपुर में मकान गिरने से पिता-3 बेटियों की मौत:विधायक सरोज कुरील मौके पर पहुंचीं, बीडीओ को सामान निकालने और मदद के निर्देश दिए

घाटमपुर के हिरनी गांव में मकान गिरने से एक ही परिवार के चार लोगों की मौत की हृदयविदारक घटना के बाद बुधवार को घाटमपुर विधानसभा की विधायक सरोज कुरील घटनास्थल पर पहुंचीं। उन्होंने हादसे का जायजा लिया और शोकाकुल परिवार से मिलकर संवेदना व्यक्त की। विधायक ने मौके पर पतारा बीडीओ को बुलाकर पीड़ित परिवार को हरसंभव प्रशासनिक सहायता उपलब्ध कराने के निर्देश दिए। विधायक सरोज कुरील ने कहा कि मकान गिरने से गांव निवासी मुकेश और उनकी तीन बेटियों के असमय निधन से वह बेहद दुखी हैं। उन्होंने कहा कि यह घटना पूरे क्षेत्र के लिए अत्यंत पीड़ादायक है। उन्होंने शोकाकुल परिवार के प्रति गहरी संवेदनाएं व्यक्त करते हुए कहा कि दुख की इस घड़ी में परिवार को अकेला नहीं छोड़ा जाएगा। घटनास्थल का निरीक्षण करने के दौरान विधायक ने हादसे की स्थिति की जानकारी ली। उन्होंने मौके पर मौजूद अधिकारियों से राहत और सहायता कार्यों के संबंध में जानकारी प्राप्त की। इसके बाद पतारा खंड विकास अधिकारी को निर्देश दिया कि मकान के मलबे में दबे परिवार के जरूरी सामान को सुरक्षित तरीके से बाहर निकलवाया जाए, ताकि परिजनों को किसी प्रकार की परेशानी न हो। विधायक ने अधिकारियों से कहा कि पीड़ित परिवार को शासन और प्रशासन की ओर से मिलने वाली सहायता तत्काल उपलब्ध कराने की दिशा में आवश्यक कार्रवाई की जाए। उन्होंने कहा कि परिवार के सामने आई इस विपदा में प्रशासन संवेदनशीलता के साथ काम करे और जरूरत के अनुसार हरसंभव मदद पहुंचाई जाए। सरोज कुरील ने कहा कि हादसे में जान गंवाने वाले लोगों की भरपाई संभव नहीं है, लेकिन पीड़ित परिवार को इस कठिन समय में आर्थिक और प्रशासनिक सहायता दिलाने के लिए हरसंभव प्रयास किया जाएगा। उन्होंने भरोसा दिलाया कि वह प्रशासन के साथ मिलकर परिवार की मदद के लिए लगातार प्रयास करती रहेंगी।

​ 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *