बालोद जिला मुख्यालय से लगे तांदुला केनाल में बाइक सहित गिरने से एक 68 वर्षीय चौकीदार की मौत हो गई। यह हादसा तब हुआ, जब वह खेत देखकर बाइक से घर लौट रहा था। घूमने आए पर्यटकों ने चौकीदार को बाइक सहित केनाल में गिरते देखा। उन्होंने तुरंत बालोद पुलिस को इसकी सूचना दी। सूचना मिलने के बाद पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने जल संसाधन विभाग की मदद से तांदुला जलाशय का मेन गेट बंद करवाया। पानी का बहाव कम होने पर ग्रामीणों और पुलिसकर्मियों की मदद से शव और बाइक को बाहर निकाला गया। शव करीब 5 फीट पानी में डूबा हुआ था। खेत देखकर लौटते समय अनियंत्रित हुई बाइक मिली जानकारी के अनुसार बालोद जिला मुख्यालय से लगे ग्राम सिवनी निवासी 68 वर्षीय देवसिंग यादव अपनी हीरो होंडा बाइक से डुबान क्षेत्र की ओर स्थित खेत देखने गए थे। खेत से वापस लौटते समय सिवनी पंप हाउस के सामने उनकी बाइक अचानक अनियंत्रित हो गई और वे बाइक सहित करीब 20 फीट नीचे तांदुला केनाल में जा गिरे। बताया जा रहा है कि सिर के बल गिरने से उन्हें गंभीर चोट लगी। जिससे वे पानी से बाहर नहीं निकल सके। मेन गेट बंद कर शव और बाइक निकाली घटना की सूचना मिलने पर बालोद टीआई शिशुपाल सिन्हा मौके पर पहुंचे। उन्होंने जल संसाधन विभाग को सूचना देकर तांदुला जलाशय का मेन गेट बंद कराया। इसके बाद पानी का बहाव कम होने पर ग्रामीणों और पुलिसकर्मियों ने केनाल में उतरकर शव और बाइक को बाहर निकाला। दोपहर में पोस्टमार्टम के बाद शाम को गांव में मृतक का अंतिम संस्कार किया गया। राइस मिल में चौकीदारी करता था मृतक पुलिस के अनुसार देवसिंग देवारभाट स्थित एक राइस मिल में रात के समय चौकीदारी का काम करते थे। सुबह ड्यूटी से लौटने के बाद वे कुछ समय अपने खेत की ओर चले जाते थे। रोज की तरह खेत से लौटते समय खरखरा केनाल को तांदुला केनाल से जोड़ने वाले गेट के पास यह हादसा हुआ। तांदुला घूमने पहुंचे लोगों ने देवसिंग को बाइक सहित केनाल में गिरते देखा। जिसके बाद उन्होंने पुलिस को सूचना दी।

