जयपुर में हो रही ‘आश्रम4’ की शूटिंग:त्रिधा चौधरी और चंदन रॉय सान्याल पर फिल्माए जा रहे सीन, बॉबी देओल भी जल्द जुड़ेंगे

जयपुर में हो रही ‘आश्रम4’ की शूटिंग:त्रिधा चौधरी और चंदन रॉय सान्याल पर फिल्माए जा रहे सीन, बॉबी देओल भी जल्द जुड़ेंगे

बॉबी देओल स्टारर चर्चित वेब सीरीज ‘आश्रम’ के चौथे सीजन की शूटिंग जयपुर में तेजी से जारी है। निर्देशक प्रकाश झा की निगरानी में सीरीज के महत्वपूर्ण दृश्यों को फिल्माया जा रहा है। फिलहाल त्रिधा चौधरी और चंदन रॉय सान्याल सहित कलाकारों पर अहम सीन शूट किए जा रहे हैं। प्रकाश झा शूटिंग के दौरान हर सीन की बारीकियों पर विशेष ध्यान दे रहे हैं और कलाकारों के साथ पहले से रिहर्सल कर सीन की तैयारी कर रहे हैं। सीरीज के चौथे सीजन का प्रकाश झा ही निर्देशन कर रहे हैं। बॉबी देओल के साथ पुराने प्रमुख कलाकार भी अपनी भूमिकाओं में लौट रहे हैं।
कूकस में बना बाबा निराला का आलीशान आश्रम जयपुर के कूकस स्थित शिव विलास होटल को इस बार ‘आश्रम’ की प्रमुख लोकेशन बनाया गया है। यहीं बाबा निराला के आलीशान आश्रम का सेट तैयार किया गया है। सेट से जुड़े कुछ वीडियो इन दिनों सोशल मीडिया पर वायरल हो रहे हैं, जिनमें सीरीज के आश्रम की भव्यता दिखाई दे रही है। सेट पर बाबा निराला के रूप में बॉबी देओल की बड़ी-बड़ी तस्वीरें और पेंटिंग लगाई गई हैं। दीवारों पर आश्रम का लोगो नजर आ रहा है। वहीं आश्रम के छात्रावास को भी इस बार पहले की तुलना में ज्यादा भव्य और आलीशान अंदाज में तैयार किया गया है। सेट की यह भव्यता कहानी में बाबा निराला के बढ़ते प्रभाव और उसके साम्राज्य को दिखाने की दिशा में भी महत्वपूर्ण मानी जा रही है।
यहां देखिए शूटिंग लोकेशन की फोटोज…
जयपुर के कलाकारों को भी मिला मौका ‘आश्रम 4’ की शूटिंग के लिए जयपुर और आसपास के बड़ी संख्या में स्थानीय कलाकारों के ऑडिशन भी लिए गए। इनमें से कई कलाकारों को बाबा निराला के शिष्यों और अनुयायियों की भूमिका में शामिल किया गया है। स्थानीय कलाकारों के लिए यह मौका इसलिए भी खास है क्योंकि सीरीज की कहानी में आश्रम के अनुयायियों और उसके आसपास के माहौल की महत्वपूर्ण भूमिका रही है। जयपुर में शूटिंग के दौरान बड़ी संख्या में स्थानीय कलाकारों को अलग-अलग दृश्यों में काम करने का अवसर मिल रहा है। बॉबी देओल के आने से पहले तैयार हो रहे सीन फिलहाल शूटिंग के एक चरण में वे सभी सीन पहले फिल्माए जा रहे हैं, जिनमें बॉबी देओल की जरूरत नहीं है। इसके पीछे उद्देश्य यह है कि बॉबी देओल के साथ शूट किए जाने वाले दृश्यों में ज्यादा समय देकर बारीकी से काम किया जा सके। बॉबी देओल सीरीज में एक बार फिर बाबा निराला के किरदार में नजर आएंगे। चौथे सीजन की शूटिंग शुरू होने की जानकारी निर्माताओं की ओर से अगस्त में साझा की गई थी। फिर साथ नजर आएंगे बाबा निराला और भोपा स्वामी ‘आश्रम’ की कहानी में बाबा निराला के सबसे खास सहयोगी भोपा स्वामी का किरदार निभाने वाले चंदन रॉय सान्याल भी चौथे सीजन में लौट रहे हैं। त्रिधा चौधरी भी बबीता की भूमिका में नजर आएंगी। दोनों कलाकारों की जयपुर में शूटिंग जारी है। बॉबी देओल बाबा निराला, चंदन रॉय सान्याल भोपा स्वामी, अदिति पोहनकर पम्मी, त्रिधा चौधरी बबीता, दर्शन कुमार उजागर सिंह, अनुप्रिया गोयनका डॉ. नताशा, सचिन श्रॉफ हुकुम सिंह, प्रीति सूद साध्वी माता की भूमिका में है। चौथे सीजन में कुछ नए कलाकारों की एंट्री भी हुई है। इनमें नीतू चंद्रा श्रीवास्तव, पंखुड़ी गिडवानी, अरमान पारिख, ध्रुव चौधरी और अक्षय ओबेरॉय के नाम शामिल हैं। जयपुर बना ‘आश्रम’ का पसंदीदा शूटिंग बेस ‘आश्रम’ के पिछले सीजनों की शूटिंग के दौरान भी जयपुर को महत्वपूर्ण शूटिंग बेस बनाया गया था। शहर की अलग-अलग लोकेशन्स पर सीरीज के कई दृश्य फिल्माए जा चुके हैं। अब चौथे सीजन में भी जयपुर को प्रमुख शूटिंग लोकेशन के रूप में इस्तेमाल किया जा रहा है। सीरीज का पहला सीजन वर्ष 2020 में आया था और इसके बाद दूसरे सीजन ने भी दर्शकों के बीच मजबूत पकड़ बनाई। तीसरे सीजन को दो हिस्सों में रिलीज किया गया था। अब चौथे सीजन को लेकर दर्शकों में काफी उत्सुकता है। प्रकाश झा की बारीकी से शूटिंग ‘आश्रम’ की पहचान इसकी गंभीर कहानी, मजबूत किरदारों और प्रकाश झा की खास निर्देशन शैली से रही है। चौथे सीजन में भी निर्देशक शूटिंग के दौरान हर दृश्य की बारीकियों पर ध्यान दे रहे हैं। कलाकारों के साथ रिहर्सल के बाद ही दृश्यों को कैमरे में कैद किया जा रहा है।

​ 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *