कैथल के कलायत में नेशनल हाइवे 152 पर एक ट्रक ने मार्ग पर खड़े ट्रक को पीछे से टक्कर मार दी। इस हादसे में पीछे से आ रहे ट्रक में अचानक आग लग गई। ट्रक में मिथनॉल ऑयल भरा हुआ था। इस हादसे में ऑयल से भरे ट्रक का ड्राइवर उसके अंदर ही जल गया और उसकी मौत हो गई। मृतक की पहचान राजस्थान के सोंगरावास जिला जालौर निवासी करीब 42 वर्षीय पीरा राम के रूप में हुई है। वह राजस्थान से ऑयल लेकर आया था और अंबाला जा रहा था। जैसे ही वह गांव शिमला के पास पहुंचा तो यह हादसा हो गया। फायर ब्रिगेड की गाड़ियों ने आग पर काबू पाया राहगीरों ने जैसे ही घटना को देखा तो इसकी सूचना पुलिस को दी। पुलिस की टीम मौके पर पहुंची और मृतक के शव को पोस्टमॉर्टम के लिए कैथल के नागरिक अस्पताल में पहुंचाया। फायर ब्रगेड की गाड़ियों को मौके पर बुलाकर आग पर काबू पाया गया। फिलहाल पुलिस मामले की जांच कर रही है। ड्राइवर अंदर ही जल गया कलायत थाना एसएचओ रणदीप सिंह ने बताया कि पुलिस को डायल 112 के माध्यम से सूचना मिली थी कि गांव शिमला के पास ट्रक में आग लग गई है। सूचना पाकर पुलिस की टीम मौके पर पहुंच गई। यहां आकर देखा तो पाया कि दो ट्रकों में आग लगी हुई थी। आगामी जांच में पता चला कि जो ट्रक आगे जा रहा था, उसके अंदर धान की फसल लदी हुई थी। ड्राइवर नीचे उतरकर टायर चैक कर रहा था। पीछे से एक और ट्रक आ रहा था, जिसमें मिथनॉल ऑयल भरा हुआ था। पीछे से आ रहे ट्रक ने मार्ग पर खड़े ट्रक को टक्कर मार दी। इससे ट्रक में आग लग गई। इससे ड्राइवर मौके पर ही आग में जल गया। पुलिस ने फायर ब्रिगेड को इसकी सूचना दी। फायर ब्रिगेड की गाड़ियां मौके पर पहुंची और आग पर काबू पाया। थाना प्रभारी रणदीप सिंह ने बताया कि पुलिस द्वारा मामले में परिजनों के बयान दर्ज कर आगामी कार्रवाई की जाएगी।

