गोरखपुर-एलटीटी एक्सप्रेस की एसी बोगी में चूहों की मौजूदगी ने रेलवे की साफ-सफाई व्यवस्था पर सवाल खड़े कर दिए हैं। ट्रेन में सफर कर रहे एक यात्री के बर्थ पर रखे खाने के पैकेट को चूहों ने कुतर दिया। यात्री ने सोशल मीडिया एक्स के जरिए रेलवे प्रशासन से शिकायत करते हुए चूहों से निजात दिलाने के लिए हाउसकीपिंग और पेस्ट कंट्रोल टीम भेजने की मांग की। शिकायत के बाद रेलवे की टीम ट्रेन में पहुंची। बर्थ पर रखा खाने का पैकेट कुतरा गाड़ी संख्या 15018 गोरखपुर-एलटीटी एक्सप्रेस की थर्ड एसी बोगी बी-1 की सीट संख्या 70 पर सफर कर रहे यात्री अनूप सिंह ने शिकायत दर्ज कराई। उन्होंने बताया कि बर्थ पर पॉलिथीन में रखा खाने का पैकेट चूहों ने कुतर दिया। यात्री ने ट्रेन में चूहों की समस्या दूर करने के लिए तत्काल कार्रवाई की मांग की। शिकायत की जानकारी मिलने के बाद पूर्वोत्तर रेलवे लखनऊ मंडल के डीआरएम गौरव अग्रवाल ने संबंधित कर्मचारियों को मामले की जानकारी देकर समस्या का निस्तारण कराने का आश्वासन दिया। इसके बाद पेस्ट कंट्रोल के लिए टीम को ट्रेन में भेजा गया। इसी ट्रेन के स्लीपर कोच एस-2 में सफर कर रहे एक अन्य यात्री सचिन जोशी ने गंदे शौचालय की शिकायत की। इससे ट्रेन में स्वच्छता व्यवस्था को लेकर यात्रियों की नाराजगी सामने आई। महीनेभर में 745 शिकायतें, गंदगी सबसे बड़ी समस्या ट्रेनों में यात्रियों को मिलने वाली सुविधाओं को लेकर शिकायतों का सिलसिला लगातार जारी है। तेजस एक्सप्रेस से लेकर लखनऊ मेल जैसी प्रमुख ट्रेनों में खानपान, गंदगी, एसी कूलिंग और आरक्षित कोचों में अनधिकृत यात्रियों के प्रवेश जैसी शिकायतें सामने आई हैं। पिछले एक महीने में रेलवे को ऐसी 745 शिकायतें मिली हैं। इनमें करीब 220 शिकायतें गंदगी और पेयजल से जुड़ी हैं, जबकि 158 शिकायतें खानपान, 121 ट्रेन की लेटलतीफी और 59 शिकायतें एसी कूलिंग ठप होने की दर्ज की गईं। इसके अलावा आरक्षित बोगियों में जनरल यात्रियों के सफर से होने वाली असुविधा को लेकर भी शिकायतें मिली हैं। रेलवे अधिकारियों का दावा है कि ज्यादातर शिकायतों का तय समय में निस्तारण किया गया। वहीं, दैनिक यात्री एसोसिएशन के अध्यक्ष एसएस उप्पल ने इस दावे पर सवाल उठाते हुए कहा कि शिकायतों का समयबद्ध निस्तारण नहीं हो पाता। उनका कहना है कि कई बार दिल्ली में दर्ज शिकायत का समाधान ट्रेन के लखनऊ पहुंचने तक भी नहीं हो पाता।

