बुलंदशहर में अपना दल (एस) की बैठक जिला पंचायत मॉल स्थित पार्टी के जिला कार्यालय पर हुई। इसमें संगठन की मजबूती, आगामी कार्यक्रमों और पार्टी की नीतियों को लोगों तक पहुंचाने पर विस्तार से चर्चा की गई। बैठक की अध्यक्षता अपना दल (एस) बुलंदशहर के जिला अध्यक्ष राजकुमार भुर्जी ने की। इसका संचालन जिला महासचिव खालिक अंसारी ने किया। इस मौके पर जिला अध्यक्ष राजकुमार भुर्जी ने कहा कि अपना दल (एस) की राष्ट्रीय अध्यक्ष और केंद्रीय मंत्री अनुप्रिया पटेल ने समाज के दबे-कुचले, पिछड़े, शोषित और वंचित वर्गों की आवाज को सड़क से संसद तक मजबूती से उठाया है। उन्होंने सामाजिक न्याय, समान अवसर और वंचित वर्गों के अधिकारों के लिए लगातार संघर्ष किया है। भुर्जी ने कार्यकर्ताओं से ‘एनडीए गठबंधन की सरकार हो, अपना दल एस की जय-जयकार हो’ के नारे को संकल्प के रूप में लेकर आगे बढ़ने और संगठन को बूथ स्तर तक मजबूत करने को कहा। राजकुमार भुर्जी ने बताया कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में केंद्र सरकार, मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के नेतृत्व में उत्तर प्रदेश सरकार और अनुप्रिया पटेल के नेतृत्व में अपना दल (एस) जनहित और सामाजिक न्याय के लिए लगातार काम कर रहे हैं। उन्होंने कार्यकर्ताओं से सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं और पार्टी की नीतियों को गांव-गांव और लोगों तक पहुंचाने का काम करने को कहा। बैठक में संगठनात्मक गतिविधियों की समीक्षा की गई और आगामी कार्यक्रमों की रूपरेखा तैयार की गई। मौजूद पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं ने संगठन को मजबूत बनाने और एनडीए गठबंधन को सशक्त बनाने का संकल्प लिया। इस बैठक में जिला अध्यक्ष राजकुमार भुर्जी, जिला महासचिव खालिक अंसारी, जिला उपाध्यक्ष पुरुषोत्तम सैन, नीरज शर्मा, हाजी सबील अंसारी, भगवत जाटव, प्रेम बैरागी, पुष्पेंद्र राघव, नवाब मिस्त्री (जिला सचिव) शामिल थे। इनके अलावा, भूप सिंह प्रधान (जिला अध्यक्ष अनुसूचित जाति अनुसूचित जनजाति मंच), खुशी सागर (जिला अध्यक्ष महिला मंच), हामिद अली सैफी (जिला अध्यक्ष अल्पसंख्यक मंच), गंगाशरण चौहान (जिला अध्यक्ष शिक्षक मंच), धर्मेंद्र चौहान (जिला अध्यक्ष किसान मंच), गोपाल शर्मा, आरिफ अंसारी (जिला अध्यक्ष युवा मंच), डॉ. संजीव कुमार (जिला अध्यक्ष चिकित्सा मंच), डॉ. राजीव अग्रवाल (जिला अध्यक्ष व्यापार मंच) और मोहम्मद असलम भी मौजूद रहे।

