दिल्ली के सत्य निकेतन में रविवार को गिरी करीब 40 साल पुरानी बिल्डिंग के मालिक हरि राम बंसल हैं। वह गुरुग्राम के सेक्टर-23 में रहते हैं। हरि राम बंसल के दो बेटे हैं। इनमें से एक पायलट है, जबकि दूसरा बेटा आनंद बंसल सेक्टर-23 में पेंट की दुकान चलाता है। इनके पड़ोसियों ने सिर्फ इतना बताया कि फैमिली अच्छी है। बिल्डिंग गिरने के बाद से हरि राम बंसल फरार हैं। दिल्ली पुलिस ने उनके खिलाफ लुकआउट सर्कुलर जारी किया है। उन्हें पकड़ने के लिए 10 टीमें बनाई गई हैं। इनमें जिला पुलिस, स्पेशल स्टाफ और अन्य ऑपरेशन यूनिट्स के जवान शामिल हैं। घर और बेटे की दुकान दोनों बंद मिलीं घटना के बाद दैनिक भास्कर की टीम हरि राम बंसल के सेक्टर-23 स्थित घर पहुंची। घर बंद मिला। बेल बजाने पर भी कोई बाहर नहीं आया। घर का एक गेट पीछे की तरफ है, वह भी बंद था। अंदर फॉर्च्यूनर गाड़ी खड़ी दिखाई दी। टीम ने पड़ोसियों से बात करने की कोशिश की, लेकिन कोई भी परिवार के बारे में ज्यादा जानकारी देने को तैयार नहीं हुआ। इसी दौरान गौरव नाम का एक युवक स्कूटी से वहां पहुंचा। उसने बताया, “फैमिली अच्छी थी। इनकी यहीं मार्केट में दुकान भी है। फैमिली के बारे में इससे ज्यादा मैं कुछ नहीं जानता।” इसके बाद टीम आनंद बंसल की पेंट की दुकान पर पहुंची। दुकान भी बंद मिली। यहां भी पड़ोसी परिवार के बारे में कुछ बताने को तैयार नहीं हुए। पड़ोसी बोला- कई साल से यहां रह रहे हैं हरि राम बंसल के पड़ोसी एसके शर्मा ने एक एजेंसी से बातचीत में बताया कि बंसल की बाजार में दुकान है। उन्होंने कहा, “हमारा रिश्ता बस इतना है कि हम कभी-कभी उनकी दुकान से सामान खरीदते हैं। उनका स्वभाव अच्छा है। वे यहां कई सालों से रह रहे हैं।” एसके शर्मा के मुताबिक, बंसल परिवार की यहां कई और प्रॉपर्टीज भी हैं। उन्होंने कहा, “मुझे दिल्ली के बारे में कोई जानकारी नहीं है। मुझे नहीं पता कि सत्य निकेतन में उनका कोई घर है या नहीं, लेकिन यहां उनकी चार-पांच प्रॉपर्टीज जरूर हैं।”

